उत्तराखंड: 12 दिन बाद मिला जवान का शव
उत्तराखंड बाढ़: 12 दिन बाद मिला हवलदार पंकज का पार्थिव शरीर, सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई
देहरादून/जोशीमठ: उत्तराखंड के तमक नाला में बीते 10 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान लापता हुए 123-आरसीसी (RCC) के जांबाज हवलदार पंकज का पार्थिव शरीर 12 दिनों की अथक तलाश के बाद बरामद कर लिया गया है। परिजनों और साथी सैनिकों की मौजदूगी में अमर शहीद जवान को पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।
दूसरों की जान बचाते हुए तेज बहाव में बहे 10 अगस्त को जब तमक नाला में अचानक बाढ़ आई, तब हवलदार पंकज ने अदम्य साहस और उच्च कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए वहां मौजूद साथी यात्रियों की जान बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान वह खुद पानी के अत्यंत तेज बहाव की चपेट में आ गए और बह गए थे।
उच्च हिमालयी क्षेत्र में 12 दिन चला सेना का रेस्क्यू ऑपरेशन घटना के तुरंत बाद भारतीय सेना की ‘मानवीय सहायता एवं आपदा राहत’ (HADR) टीमों ने व्यापक खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। जोशीमठ से संचालित सेना के बचाव दलों ने दुर्गम उच्च हिमालयी इलाके, तेज बहाव और लगातार खराब मौसम की भारी चुनौतियों का सामना करते हुए 12 दिनों तक तलाशी जारी रखी।
आखिरकार 22 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे सेना के रेस्क्यू दल ने हवलदार पंकज के पार्थिव शरीर को सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला और खोज अभियान का समापन किया।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

