पांच किलोमीटर तक उमड़ा जनसैलाब, मां दौड़ी बेटे की अर्थी के पीछे. तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा बदायूं का लाल, शहादत पर रोया पूरा इलाका
पांच किलोमीटर तक उमड़ा जनसैलाब, मां दौड़ी बेटे की अर्थी के पीछे तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा बदायूं का लाल, शहादत पर रोया पूरा इलाका
बदायूं। जिस बेटे को मां ने कभी उंगली पकड़कर चलना सिखाया था, सोमवार को उसी की अर्थी के पीछे वह बदहवास होकर दौड़ पड़ी। जिस पति के लौटने का इंतजार पत्नी की आंखें कर रही थीं, वह तिरंगे में लिपटकर घर पहुंचा। और जिन दो मासूम बच्चों के लिए पिता का साया सबसे बड़ा सहारा था, उनके सिर से हमेशा के लिए वह छिन गया।
बदायूं के आमगांव में नायक अंकुश कुमार पटेल की अंतिम विदाई सिर्फ एक सैनिक की शहादत का दृश्य नहीं थी, बल्कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले एक परिवार के टूटे सपनों की दास्तां भी थी। भारत माता की जय और शहीद अंकुश अमर रहें के नारों के बीच पूरा इलाका आंसुओं में डूब गया।
पांच किलोमीटर का सफर, हर कदम पर उमड़ता रहा जनसैलाब
अंकुश का पार्थिव शरीर बदायूं पहुंचने पर दातागंज तिराहे स्थित डिपॉल स्कूल से फूलों से सजे सैन्य वाहन में अंतिम यात्रा शुरू हुई। करीब पांच किलोमीटर के सफर में सैकड़ों लोग अपने वीर सपूत को आखिरी सलाम करने उमड़ पड़े। रास्ते भर देशभक्ति के नारों के साथ पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी गई। सिटी मजिस्ट्रेट सुमित सिंह समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। चार थानों की पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। मां बेटे की अर्थी के पीछे दौड़ पड़ीं, पत्नी पूजा का विलाप सुनकर हर आंख नम हो गई। पिता आदेश कुमार अपने आंसुओं को रोकने की कोशिश करते रहे, जबकि भाई विनीत परिवार को संभालता रहा।
पिता सेना से सेवानिवृत्त, अब बेटा देश के नाम कर गया जिंदगी
अंकुश के पिता आदेश कुमार भी सेना से सेवानिवृत्त हैं। देशसेवा की इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए अंकुश ने भी वर्दी पहनी और मातृभूमि की रक्षा को अपना जीवन समर्पित कर दिया। हरियाणा के हिसार जिले में भोजराज गांव के पास 21 नवंबर को सैन्य युद्धाभ्यास के दौरान टैंक की चपेट में आने से अंकुश और शामली के जवान मनीष कुमार की जान चली गई थी। सोमवार को सैन्य सम्मान के साथ अंकुश का अंतिम संस्कार किया गया।
