मोहम्मद सिराज को पहले टेस्ट मैच में क्यों नहीं मिला मौका, शुभमन गिल बोले

किसी करीबी दोस्त को टीम से बाहर रखना आसान नहीं होता, विशेषकर तब जबकि उनका टेस्ट करियर एक साथ आगे बढ़ा हो, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज को अंतिम एकादश से बाहर रखने के लिए भारतीय कप्तान शुभमन गिल को व्यक्तिगत संबंधों को दरकिनार करना पड़ा।

गिल और सिराज ने दिसंबर 2020 में मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट में एक साथ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था और तब से उनके बीच बहुत अच्छी दोस्ती है।

हालांकि, गिल ने वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में बेहतर फॉर्म में चल रहे गेंदबाजों को मौका देना उचित समझा। भारतीय कप्तान गिल ने कहा, ”सिराज बेहतरीन खिलाड़ी और शानदार गेंदबाज हैं, जिन्होंने भारत के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। इन सबसे पहले वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं।

हमने एक साथ पदार्पण किया था और भारत की तरफ से खेलने से पहले भी हम बहुत अच्छे दोस्त थे। इसलिए उन्हें टीम से बाहर रखना मेरे लिए वास्तव में बहुत मुश्किल फैसला था, लेकिन कभी-कभी आपको इस पर गौर करना होता है कि कौन से गेंदबाज फॉर्म में हैं, कौन से गेंदबाज सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कर रहे हैं।”

गिल ने कहा कि उन्होंने मैच से पहले व्यक्तिगत रूप से सिराज से बात करके उन्हें बाहर रखने के फैसले के बारे में सूचित किया था। उन्होंने कहा, ”मेरी उनसे बात हुई थी और मैंने मैच से पहले ही उन्हें बता दिया था कि वे यह मैच नहीं खेल पाएंगे।

मुझे नहीं पता कि वह इस फैसले से सहमत थे या नहीं लेकिन उन्हें इसके पीछे का तर्क समझ आ गया था। उन्हें समझ आ गया था कि हमने उनकी जगह किसी और को क्यों चुना।” गिल ने कहा, ”मुझे लगता है कि हर खिलाड़ी के करियर या जीवन में एक ऐसा दौर आता है जब आप अपने करियर के चरम पर नहीं होते हैं। मुझे लगता है कि वह इस बात को समझते हैं।”

गिल ने यह भी संकेत दिया कि भारत क्राइस्टचर्च में होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में अपने टीम संयोजन में बहुत अधिक बदलाव नहीं करेगा लेकिन पिच देखने के बाद ही अंतिम फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा, ”हम पहले पिच का आकलन करेंगे लेकिन मुझे लगता है कि अधिकतर खिलाड़ी अंतिम एकादश में बने रहेंगे।” जब गिल से पूछा गया कि क्या पहले टेस्ट मैच में सिराज और रविंद्र जडेजा की सटीक गेंदबाजी से कोई फर्क पड़ सकता था, तो उन्होंने कहा, ”मुझे ऐसा नहीं लगता।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: