बरेली: नकली पानी फैक्ट्री पर छापा
बरेली में फर्जी लाइसेंस से चल रही पानी फैक्ट्री पर छापा: 3,915 बोतलें सीज, नोजल किया गया सील
बरेली: उत्तर प्रदेश के फरीदपुर क्षेत्र में अवैध रूप से चल रही पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त (खाद्य सुरक्षा लखनऊ) और जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) I राहुल सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने फरीदपुर के लाइनपार स्थित सुखदेव पुरम (ससैया रोड) में ‘M/s Anupriya Beverages’ पर अचानक छापेमारी की।
नकली लाइसेंस नंबर से हो रही थी पानी की पैकेजिंग छापेमारी के दौरान नितिन तोमर (निवासी बुघौली) को 500 मिलीलीटर और 1000 मिलीलीटर की बोतलों में पानी पैक करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ कि कारोबारी बोतलों पर फर्जी लाइसेंस नंबर छाप रहा था और निर्माता का पूरा पता न लिखकर केवल ‘Anupriya Beverages Uttar Pradesh Bareilly’ दर्ज कर रहा था।
48 हजार से अधिक का माल सीज, उत्पादन बंद कार्रवाई के दौरान अधिकारियों की टीम ने पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का एक सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिया है। इसके अलावा मौके पर तैयार रखी 3,915 बोतलें (अनुमानित कीमत ₹48,060) सीज कर दी गईं। निर्माणशाला में दोबारा उत्पादन न हो सके, इसके लिए पानी भरने वाली मशीन के नोजल को पूरी तरह सील कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

