बरेली: पीलीभीत बाइपास बनेगा 6-लेन
बरेली में पीलीभीत बाइपास बनेगा 6-लेन: शहर के 3 बड़े चौराहों का बदलेगा नक्शा, BDA की तैयारी
बरेली: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने एक बड़ा फैसला लिया है। प्रमुख मार्गों में शामिल पीलीभीत बाइपास रोड को जल्द ही छह लेन (6-Lane) में बदला जाएगा। इसके साथ ही विश्वविद्यालय-डोहरा रोड चौराहा, वनखंडी नाथ चौराहा और 100 फुटा तिराहे का भी चौड़ीकरण और सुंदरीकरण किया जाएगा।
BDA उपाध्यक्ष ने टीम के साथ किया निरीक्षण बदायूं रोड, रामपुर रोड, शाहजहांपुर रोड और बीसलपुर रोड के चौड़ीकरण के बाद अब बीडीए ने पीलीभीत बाइपास के कायाकल्प का निर्णय लिया है। मंगलवार को बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने अपनी तकनीकी टीम (मुख्य अभियंता, अधिशासी अभियंता और सहायक अभियंताओं) के साथ पूरे रूट और चौराहों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यातायात प्रबंधन, जाम के प्रमुख बिंदुओं को हटाने और नागरिकों को सुगम आवागमन प्रदान करने पर गहन मंथन हुआ।
नाथ थीम पर संवरेगा पीलीभीत बाइपास बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि चौड़ीकरण का मुख्य उद्देश्य केवल सुंदरीकरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को केंद्र में रखा जाएगा। पूरी सड़क को ‘नाथ कारिडोर’ की तर्ज पर ‘नाथ थीम’ से जोड़कर एक समान स्वरूप दिया जाएगा। इस मार्ग पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, फोकस दीवारें, प्रतीकात्मक स्थापत्य और विशिष्ट आइकॉनिक एलिमेंट्स लगाए जाएंगे, जिससे बरेली की ‘नाथ नगरी’ की पहचान को और मजबूती मिलेगी।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

