Bareilly News : डेलापीर तालाब के पास मकान पर चला नगर निगम का बुल्डोजर

बरेली। डेलापीर तालाब पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकान और दुकानों पर गुरुवार को नगर निगम का बुल्डोजर जमकर गरजा। निगम ने पहले शराब की दुकानों को ढहाया। इसके बाद मकान के दूसरे हिस्से पर बुल्डोजर गरजने लगा।

मेयर उमेश गौतम के एक्शन पर निगम की कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में शराब की दुकानें खाली कराई गईं। इसके बाद बुल्डोजर ने दुकानों को गिरा दिया। कार्रवाई से डेलापीर और आस पास का रोड थम गया। लोग रुक रुककर बुल्डोजर की कार्रवाई देख रहे थे।

1999 से नगर निगम और कारोबारी के बीच चल रहा था विवाद

डेलापीर तालाब की जमीन को लेकर शांति देवी वार्ष्णेय, बसंत, आकाश, सुमन, सुनीता और नगर निगम के बीच 1999 से मुकदमा चल रहा है। इस मामले में एडीजे 14 की कोर्ट ने आरोपियों का कब्जा अवैध मानते हुए नगर निगम की अपील स्वीकार कर पिछली अदालत के आदेश को निरस्त कर दिया था।
कोर्ट ने माना था कि डेलापीर तालाब की छह बीघा जमीन में से एक हजार गज जमीन पर वार्ष्णेय परिवार का कब्जा है। उन्होंने वहां मकान और दुकानें बना रखीं हैं। दुकानों में शराब बेची जा रही है। रेस्टोरेंट चल रहा था। सुरेश ने तालाब की जमीन पर कब्जा कर मकान बनाया। दुकानें बनाकर किराए पर उठा दीं। नगर निगम की जमीन से लाखों रुपये का किराया वसूल रहा था।
कोर्ट से नहीं मिली राहत, नगर निगम में भी फेल हो गई साठगांठ
नगर निगम के अधिवक्ता प्रमोद भटनागर ने बताया कि एडीजे 14 कोर्ट ने 19 जुलाई को आदेश पारित कर नगर निगम को जमीन पर कब्जा लेने का आदेश दिया था। इसके बाद नगर निगम ने अवैध कब्जेदारों को नोटिस जारी किया। आरोपियों ने नगर निगम के अधिकारियों से साठगांठ करने की कोशिश की। लेकिन इसके बावजूद बात नहीं बनी। इसके बाद आरोपी सुरेश ने सेशन कोर्ट में पुनर्विचार याचिका लगाई।
सेशन कोर्ट के आदेश के खिलाफ हाईकोर्ट गए। लेकिन उनकी याचिका पर सुनवाई नहीं हो पाई। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट में दो सप्लीमेंट्री रिट लगाई। इधर नगर निगम ने 21 अगस्त तक कब्जा खाली करने का नोटिस जारी किया था। नगर निगम के नोटिस के बावजूद मकान और दुकानें खाली नहीं कराई गईं। मेयर उमेश गौतम ने नगर निगम के अधिकारियों को अवैध कब्जा हटाने के आदेश दिए थे।
इसी क्रम में शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त अजीत प्रताप सिंह, अतिक्रमण अभियान के प्रभारी ललतेश सक्सेना, जयपाल सिंह समेत पूरी टीम पहुंच गई। इसके बाद अतिक्रमण को ढहाया गया। एडवोकेट प्रमोद भटनागर ने बताया कि अवैध कब्जेदारों ने धोखाधड़ी की है। फर्जी कागजात तैयार कर तालाब की जमीन पर कब्जा किया है। सभी पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

ब्यूरो रिपोर्ट , आल राइट्स मैगज़ीन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.