हथियार तस्करी मामले में शैलेंद्र सिंह गिरफ्तार

मेरठ: अंतर्राज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का सक्रिय सदस्य शैलेंद्र सिंह गिरफ्तार; फर्जी पते पर की थी पिस्टल की एंट्री, यूपी एसटीएफ को मिली बड़ी कामयाबी

दिनांक: 28-05-2026

(मेरठ/लखनऊ): पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोहों के खिलाफ उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में एसटीएफ की मेरठ फील्ड इकाई ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध शस्त्रों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक और वांछित अभियुक्त शैलेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज था, जिसकी विवेचना स्वयं एसटीएफ द्वारा की जा रही है

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण

  • नाम: शैलेंद्र सिंह पुत्र राजपाल सिंह

  • पता: 69, गायत्री ग्रीन, बाईपास रोड, थाना कंकरखेड़ा, जनपद मेरठ

बरामदगी का विवरण

अभियुक्त शैलेंद्र सिंह की गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने उसके कब्जे से निम्नलिखित महत्वपूर्ण दस्तावेज और अवैध असलहा बरामद किया है:

  • अवैध असलहा: 01 अदद अवैध पिस्टल (30 बोर, फैक्ट्री मेड – स्टार कंपनी)

  • रजिस्टर: 01 अदद स्टॉक रजिस्टर (शिवा गन हाउस)

  • विक्रय रजिस्टर: 01 अदद शस्त्र विक्रय रजिस्टर (शिवा गन हाउस)

  • दस्तावेज: ‘शिवा गन हाउस’ के लाइसेंस की एक अदद फोटोकॉपी

गिरफ्तारी का स्थान, दिनांक व समय

अभियुक्त को दिनांक 27-05-2026 को दोपहर समय 13:30 बजे एसटीएफ कार्यालय मेरठ से गिरफ्तार किया गया

2024 से चल रही थी गिरोह की कड़ियां जोड़ने की कवायद

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले अंतर्राज्यीय सिंडिकेट के सक्रिय होने की सूचनाओं पर श्री बृजेश कुमार सिंह (अपर पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ फील्ड यूनिट मेरठ) के पर्यवेक्षण में टीमों का गठन कर खुफिया तंत्र को सक्रिय किया गया था

इस गिरोह का पर्दाफाश सबसे पहले दिनांक 23-11-2024 को हुआ था, जब एसटीएफ टीम ने अभियुक्त रोहन (निवासी बागपत) को 17 अवैध बंदूकों और 700 कारतूसों के साथ दबोचकर जेल भेजा था। इसी मुकदमे (मु0अ0सं0 693/2024) की कड़ियां जोड़ते हुए एसटीएफ की मेरठ यूनिट अब तक सरगना समेत कुल 09 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस पूरे अभियान के दौरान अब तक गिरोह से अमेरिकी मूल की ‘यूएस राइफल विनचेस्टर’ कारबाइन (.30 बोर), मैगजीन, 15 जिंदा कारतूस, यूएस राइफल स्प्रिंग फील्ड आर्मरी (.30 बोर), पंप गन रिपीट (12 बोर), एक .45 बोर की पिस्टल और दो .30 बोर की पिस्तौलें बरामद की जा चुकी हैं

पूछताछ में खुली गन हाउस के फर्जीवाड़े की पोल

दिनांक 27-05-2026 को इस मामले के विवेचक/निरीक्षक श्री रविन्द्र कुमार द्वारा वांछित चल रहे शैलेंद्र सिंह को पूछताछ के लिए मेरठ यूनिट तलब किया गया था। सघन पूछताछ के दौरान पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में शैलेंद्र ने गन हाउस के रिकॉर्ड में हेरफेर करने की बात स्वीकार करते हुए बताया:

“उसने बरामद हुई स्टार कंपनी की 30 बोर की पिस्टल कुछ वर्ष पहले अपने एक परिचित अनिल बालियान उर्फ बंजी से 02 लाख रुपये में खरीदी थी। इसके बाद अनिल बालियान के कहने पर ही उसने मेजर हरेंद्र सिंह के फर्जी नाम और पते से अपने स्टॉक रजिस्टर में इसकी गलत एंट्री दर्ज की थी। बाद में उसने एक लाइसेंसी व्यक्ति अमरपाल सिंह को धोखे में रखकर इसी अवैध पिस्टल को 03 लाख रुपये में बेच दिया था।”

कंकरखेड़ा थाने में मामला दर्ज, पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी

गिरफ्तार अभियुक्त शैलेंद्र सिंह के खिलाफ थाना कंकरखेड़ा, मेरठ में मु0अ0सं0 693/2024 धारा 318(4)/336(3)/338/340(2) बीएनएस व 25(8) आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जा रही है। एसटीएफ द्वारा साक्ष्य सौंपे जाने के बाद अब स्थानीय पुलिस इस मामले में आगे की विधिक व अदालती कार्यवाही को पूरा कर रही है


गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर

(Allrights Magazine)


20 लाख की चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: