CM ने रसोइयों को दिया मेडिकल कार्ड तोहफा
लखनऊ में रसोइयों का महासम्मेलन: CM योगी ने दिए कैशलेस चिकित्सा कार्ड और मानदेय वृद्धि का तोहफा
लखनऊ/बरेली: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 23 अगस्त को ‘प्रधानमंत्री पोषण योजना’ के तहत प्रदेश भर के रसोइयों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश भर के लगभग 3.53 लाख रसोइयों के अतुलनीय योगदान को सम्मानित किया गया और उन्हें कैशलेस चिकित्सा कार्ड की बड़ी सौगात दी गई।
बरेली के विकास भवन में हुआ सजीव प्रसारण लखनऊ में आयोजित मुख्य समारोह का सीधा (लाइव) प्रसारण बरेली के विकास भवन सभागार में भी दिखाया गया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में रसोइयों की गरिमामयी उपस्थिति रही। लखनऊ के मुख्य मंच से दिए गए संदेश को प्रदेश भर के जिलों में एक साथ साझा किया गया।
बरेली के 5,848 रसोइयों को मिला सम्मान इस राज्यस्तरीय पहल के तहत जनपद बरेली में कार्यरत 5,848 रसोइयों को भी सीधे तौर पर लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा रसोइयों को मानदेय में की गई वृद्धि के प्रतीकात्मक चेक तथा कैशलेस चिकित्सा कार्ड सौंपे गए।
पोषण योजना की रीढ़ हैं रसोइया कार्यक्रम के माध्यम से वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि रसोइया सिर्फ खाना बनाने वाले कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि वे सरकारी स्कूलों में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण की नींव हैं। प्रधानमंत्री पोषण योजना के सफल क्रियान्वयन में उनके अथक परिश्रम और समर्पण के प्रति प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक रूप से कृतज्ञता व्यक्त की।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

