बरेली मुठभेड़ में शातिर इकराम हड्डी गिरफ्तार
बरेली: क्योलड़िया में पुलिस और गोकशों के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में शातिर अपराधी ‘इकराम उर्फ हड्डी’ के पैर में लगी गोली; तमंचा-कारतूस बरामद
(बरेली – रोहिताश कुमार): उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में क्योलड़िया और हाफिजगंज बॉर्डर पर कैलाश नदी के किनारे घने जंगल में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात एक सनसेनाखेज मुठभेड़ (Encounter) हो गई। खुद को पुलिस की घेराबंदी में फंसता देख एक शातिर बदमाश ने पुलिस टीम पर सीधे जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में गोली बदमाश के पैर में जा लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। पकड़ा गया बदमाश ‘इकराम उर्फ हड्डी’ निकला, जो कई जिलों में वांछित और एक बेहद शातिर अपराधी है।
कैलाश नदी किनारे रची जा रही थी गोकशी की साजिश
पुलिस को यह सफलता मुखबिर की सटीक सूचना और त्वरित घेराबंदी के चलते हासिल हुई है:
-
रात के अंधेरे में रेकी: रविवार देर रात क्योलड़िया थाना पुलिस इलाके में रूटीन गश्त और चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि कैलाश नदी पुल के पास घने जंगल में कुछ गोकश घुमंतू गोवंशीय पशुओं को पकड़कर काटने और उनका मांस बेचने की फिराक में हैं और इलाके की रेकी कर रहे हैं।
-
पुलिस की घेराबंदी और फायरिंग: सूचना मिलते ही क्योलड़िया पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए जंगल की तरफ कूच किया और चारों ओर से घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख झाड़ियों में छिपे एक बदमाश ने अचानक निकलकर पुलिस टीम पर तमंचे से गोली चला दी। पुलिस टीम ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा।
‘हड्डी’ निकला कई जिलों का हिस्ट्रीशीटर और वांछित अपराधी
पुलिस की गिरफ्त में आए घायल बदमाश ने पूछताछ में अपना जुर्म कुबूल करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं:
-
पहचान: पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम इकराम उर्फ हड्डी पुत्र असलम, निवासी हजियापुर (थाना बारादरी, बरेली) बताया है।
-
मुकदमों की भरमार: पुलिस जांच में सामने आया कि ‘हड्डी’ के खिलाफ बरेली, शाहजानकारी, सीतापुर और हापुड़ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पशु चोरी, पुलिस टीम पर फायरिंग, आर्म्स एक्ट और गोकशी (Cow Slaughtering) से जुड़े गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
-
कबूलनामा: आरोपी ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से भैंस चोरी और गोवंशीय पशुओं के अवैध कटान में सक्रिय था। वह पहले भी हाफिजगंज, क्योलड़िया और शाहजहांपुर क्षेत्र में चोरी और फायरिंग की वारदातों को अंजाम दे चुका है।
अवैध असलहा और कारतूस बरामद; फरार साथियों की तलाश जारी
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल हथियार और अन्य सामान बरामद किया है:
-
बरामदगी: आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस (.315 बोर), एक मोबाइल फोन और ₹570 नकद बरामद हुए हैं।
-
अस्पताल में भर्ती: घायल बदमाश इकराम उर्फ हड्डी को पुलिस अभिरक्षा में तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
सराहनीय टीम: इस पूरी साहसिक कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरव कुमार, उपनिरीक्षक अरिमर्दन सिंह, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल कासिम अली और कांस्टेबल सचिन कुमार शामिल रहे। पुलिस अब हड्डी के फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
(ब्यूरो रिपोर्ट) अमरजीत बरेली
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर
(Allrights Magazine)

बरेली बिजली कटौती पर चीफ इंजीनियर का बयान!
