बरेली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल
बरेली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: एसएसपी अनुराग आर्य ने 67 दरोगाओं का किया तबादला, कई चौकी प्रभारी बदले
बरेली: जनपद में कानून-व्यवस्था को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने बड़े पैमाने पर प्रशासनिक फेरबदल किया है। ‘जनपद बरेली पुलिस स्थापना बोर्ड’ के निर्णय के तहत जनहित, प्रशासनिक आवश्यकता और शिकायतों के आधार पर जिले के 67 उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर नई तैनातियां दी गई हैं।
एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए तैनाती स्थल पर रवाना होने और आज ही अपनी अनुपालन आख्या गोपनीय कार्यालय में प्रस्तुत करने के आदेश जारी किए हैं। इस बड़े फेरबदल से महकमे में हलचल तेज हो गई है।
प्रमुख चौकी प्रभारियों और थानों में हुआ फेरबदल
जिले के कई थानों और चौकियों की कमान में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं:
-
चौकी प्रभारियों के तबादले: दरोगा विजय कुमार को प्रभारी चौकी चौकी चौराहा (थाना कोतवाली), दरोगा रोहित तोमर को प्रभारी चौकी बिहारीपुर (थाना कोतवाली), दरोगा धीरेन्द्र सिंह को प्रभारी चौकी नकटिया (थाना कैंट), दरोगा अमरजीत सिंह को प्रभारी चौकी बभिया (थाना कैंट) तथा दरोगा दीपक वर्मा को प्रभारी चौकी कर्मचारी नगर (थाना इज्जतनगर) बनाया गया है।
-
अन्य चौकी कमान: दरोगा ब्रजेंद्र कुमार को प्रभारी चौकी बड़ा गांव (सिरौली), दरोगा नितिन शिरीष को प्रभारी चौकी रामगंगा (सुभाषनगर), दरोगा पवन कृष्ण को प्रभारी चौकी परसाखेड़ा (सीबीगंज) और दरोगा उज्जवल गंभीर को प्रभारी चौकी कस्बा (आंवला) की कमान सौंपी गई है।
-
महिला पुलिस अधिकारियों की तैनाती: महिला दरोगा साक्षी को थाना कैंट, विमलेश सिंह को थाना सीबीगंज, पुष्पांजली शिशौदिया को थाना प्रेमनगर, अंजना पाल को वन स्टॉप सेंटर-2.0 (फतेहगंज पश्चिमी), यशोदा रानी को प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र (परसाखेड़ा) और गीता शर्मा को वरिष्ठ दरोगा महिला थाना के पद पर तैनात किया गया है।
प्रशासनिक कड़ाई: कार्यशैली सुधारने और शिकायतों पर कार्रवाई
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह फेरबदल न केवल प्रशासनिक कसावट लाने के लिए किया गया है, बल्कि कई अधिकारियों के खिलाफ मिली शिकायतों और पुलिस लाइन्स में लंबे समय से प्रतीक्षारत दरोगाओं को फील्ड में सक्रिय करने के उद्देश्य से लिया गया है।
तबादला सूची में बड़ी संख्या में रिजर्व पुलिस लाइन्स में तैनात अधिकारियों को थानों, चौकियों और यूपी 112 (UP 112) में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। एसएसपी अनुराग आर्य के इस कड़े कदम से स्पष्ट है कि जिले में अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)
मिजोरम यूथ कांग्रेस की बैठक: 25 हजार खाली पदों पर संग्राम!
