केजरीवाल-मान का लुधियाना में महामंथन
लुधियाना पहुंचे अरविंद केजरीवाल और CM भगवंत मान; पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीति पर दो दिन तक चलेगा महामंथन
(लुधियाना): आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ बुधवार को दो दिवसीय दौरे पर लुधियाना पहुंचे. साल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी की ओर से इसे बेहद महत्वपूर्ण दौरा माना जा रहा है. अगले दो दिनों तक अरविंद केजरीवाल पंजाब में ही डेरा डालेंगे और पार्टी की शीर्ष लीडरशिप, मंत्रियों व विधायकों के साथ चुनावी तैयारियों का खाका तैयार करेंगे.
हलवारा एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
लुधियाना के हलवारा हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार के कामकाज की जमकर सराहना की. उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता के बीच आम आदमी पार्टी के पक्ष में माहौल पहले से कहीं ज्यादा मजबूत और सकारात्मक हुआ है.
“जनता में नाराजगी नहीं, कार्यों की चर्चा है”
केजरीवाल ने विपक्ष पर राजनीतिक हमला बोलते हुए और अपनी सरकार की पीठ थपथपाते हुए कहा:
“आमतौर पर देखा जाता है कि जब किसी भी सरकार के चार साल पूरे होने वाले होते हैं, तो जनता के भीतर सत्ता विरोधी लहर (एंटी-इंकंबेंसी) या नाराजगी दिखाई देने लगती है. लेकिन पंजाब में स्थिति इसके बिल्कुल उलट है. यहाँ आम आदमी पार्टी की सरकार के प्रति लोगों में भारी उत्साह है और लोग सरकार द्वारा किए गए जनहित के कार्यों की खुलकर चर्चा कर रहे हैं.”
2027 में पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ेगी ‘आप’
केजरीवाल ने पूर्ण आत्मविश्वास जताते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ दोबारा सरकार बनाएगी और अपना पिछला चुनावी रिकॉर्ड भी खुद ही तोड़ेगी.
दो दिनों तक चलने वाले इस रणनीतिक मंथन में सरकार के कामकाज को जमीनी स्तर पर और तेज करने, संगठन की कमियों को दूर करने तथा आगामी महीनों में जनता के बीच चलाए जाने वाले विशेष अभियानों की रूपरेखा तैयार की जाएगी.
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर
(Allrights Magazine)

ट्रेनों में आगजनी के पीछे असामाजिक तत्व!
