यूपी और जापान के बीच बढ़ेंगे सांस्कृतिक संबंध
यूपी और जापान के बीच सांस्कृतिक व औद्योगिक संबंधों को मिलेगी नई ऊंचाई: CM योगी ने दिए निर्देश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश और जापान के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों और बढ़ते औद्योगिक सहयोग को एक नया आयाम मिलने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के युवाओं, पर्यटन उद्योग और सांस्कृतिक धरोहरों को वैश्विक स्तर पर समृद्ध करने के लिए एक दूरदर्शी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
युवाओं को मिलेगा जापानी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि आगामी ट्रेड शो और औद्योगिक आयोजनों में जापानी विशेषज्ञों के साथ विशेष सत्र आयोजित किए जाएं। इससे उत्तर प्रदेश के युवाओं, नए उद्यमियों और तकनीकी पेशेवरों को जापान की आधुनिक तकनीक, प्रबंधन पद्धतियों और उनकी विशेषज्ञता का सीधा लाभ मिल सकेगा।
सारनाथ और नारा (Nara) का सांस्कृतिक जुड़ाव बौद्ध धर्म और प्राचीन विरासत के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल सारनाथ और जापान के ऐतिहासिक शहर नारा (Nara) को परस्पर सांस्कृतिक रूप से जोड़ने के लिए त्वरित और आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस पहल से दोनों देशों के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।
यूपी और यामानाशी प्रांत के बीच बढ़ेगा पर्यटन उत्तर प्रदेश और जापान के यामानाशी (Yamanashi) प्रांत के बीच द्विपक्षीय पर्यटन (Bilateral Tourism) को नई रफ्तार देने के लिए दोनों क्षेत्रों के टूर ऑपरेटरों के मध्य समन्वय और आपसी सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इससे न केवल विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, बल्कि राज्य के पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

