बरेली: नए सर्किल रेट लागू, 20% तक महंगे
बरेली में आज से लागू हुए नए सर्किल रेट: जमीन की खरीद-फरोख्त हुई महंगी, 20 प्रतिशत तक बढ़े दाम
बरेली: बरेली जिले में संपत्ति (Property) खरीदने वालों को अब जेब ढीली करनी पड़ेगी। निबंधन विभाग द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव और जिलाधिकारी (DM) के अंतिम हस्ताक्षर के बाद 1 सितंबर 2026 से नए सर्किल रेट जिले भर में प्रभावी हो गए हैं। तेजी से विकसित हो रही आवासीय कॉलोनियों और व्यावसायिक क्षेत्रों में सर्किल रेट में 20 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है, जिससे अब खरीदारों को रजिस्ट्री के दौरान अधिक स्टाम्प शुल्क चुकाना होगा।
सदर, डीडीपुरम और व्यावसायिक क्षेत्रों में दरों का पुनरीक्षण आपत्तियों के निस्तारण के बाद लागू की गई नई दरों के अनुसार, सदर प्रथम और सदर द्वितीय (शहरी क्षेत्र) में अकृषक (Non-agricultural) भूमि की मूल दर में 20 प्रतिशत और कृषि भूमि में 12 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वाणिज्यिक (Commercial) एकल भूमि की दरों में औसतन 10 प्रतिशत और निर्माण दरों में भी 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डीडीपुरम और नवाबगंज जैसे विकासशील व व्यावसायिक गतिविधियों वाले इलाकों में जमीनों के दाम काफी बढ़ गए हैं।
तहसीलों में 5 से 20 प्रतिशत तक का फेरबदल
-
बहेड़ी तहसील: कृषि और अकृषक भूमि की दरों में 15 प्रतिशत तथा मुख्य सड़क से लगी जमीनों में 15 प्रतिशत तक की वृद्धि।
-
आंवला व औद्योगिक कॉरिडोर: औद्योगिक कॉरिडोर से जुड़े 10 गांवों में 10 प्रतिशत और अन्य 9 गांवों में 20 प्रतिशत तक रेट बढ़ाए गए हैं।
-
नवाबगंज व मीरगंज: नवाबगंज के औरंगाबाद, धौरेरा, बीजामऊ जैसे गांवों को ‘विकासशील’ श्रेणी में शामिल कर दरों में 10 से 20 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। वहीं भोजीपुरा में कृषि दरों में सबसे कम 5 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

