बरेली: HDFC में ₹3.59 करोड़ का लोन घोटाला
बरेली HDFC बैंक में ₹3.59 करोड़ का होम लोन घोटाला, बैंक कर्मियों की मिलीभगत से 19 लोगों पर FIR
बरेली: फर्जी दस्तावेजों के आधार पर बैंक लोन हड़पने वाले गिरोहों के खिलाफ बरेली में बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। एचडीएफसी (HDFC) बैंक की सिविल लाइंस (चौपुला रोड) शाखा से बैंक कर्मचारियों और एजेंटों की साठगांठ से ₹3.59 करोड़ रुपये के फर्जी होम लोन स्वीकृत कराकर ठगी करने का मामला उजागर हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) के आदेश पर लखनऊ के एरिया मैनेजर प्रशांत की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने 12 कर्जदारों और 7 वेरीफायर व सेल्स एग्जीक्यूटिव समेत कुल 19 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।
फर्जी बैंक स्टेटमेंट और सैलरी स्लिप से पास कराए लोन जांच में सामने आया कि यह धोखाधड़ी जनवरी 2022 से मार्च 2023 के दौरान एक संगठित गिरोह द्वारा अंजाम दी गई। गिरोह के सदस्यों ने बैंक कर्मियों की मिलीभगत से फर्जी बैंक स्टेटमेंट, पेंशन दस्तावेज, आय प्रमाण पत्र और वेतन पर्ची (Salary Slip) तैयार कर ₹3.59 करोड़ के होम लोन स्वीकृत कराए। लोन की राशि मिलने के बाद जब किस्तें जमा नहीं हुईं, तो बैंक ने पतों की भौतिक जांच कराई। पड़ताल में सामने आया कि सभी दस्तावेज और पते पूरी तरह से फर्जी थे।
12 ग्राहकों और 7 वेरीफायर्स का फर्जीवाड़ा जांच एजेंसियों द्वारा घर और दफ्तर के सत्यापन में धांधली पकड़ी गई, जिसमें 7 वेरीफायर और सेल्स एग्जीक्यूटिव ने मिलकर गलत रिपोर्ट लगाई थी। धोखाधड़ी में ऐमन जैदी (₹36.19 लाख), अमित कुमार (₹36.29 लाख), संजय कुमार (₹36.07 लाख), आशीष (₹35.98 लाख), करिश्मा (₹35.88 लाख), प्रवेश कुमार (₹33.49 लाख) और सरोज (₹32.32 लाख) समेत कुल 12 मुख्य लोन लेने वाले आरोपी नामजद किए गए हैं। पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट और फर्जी कागजात बनाने वाले नेटवर्क के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

