असम की जेलों में 226 कैदी HIV पॉजिटिव
असम की जेलों में 226 कैदी HIV पॉजिटिव: CM हिमंत बिस्वा सरमा ने दिए विस्तृत जांच के आदेश
गुवाहाटी/दिसपुर: असम की जेलों में बंद कैदियों के बीच स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर एक बड़ा और गंभीर मामला सामने आया है। राज्य की 31 विभिन्न जेलों में रूटीन हेल्थ स्क्रीनिंग के दौरान 226 कैदी एचआईवी (HIV) पॉजिटिव पाए गए हैं। इस आंकड़े के उजागर होने के बाद मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पूरे मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।
जांच के आदेश, मेडिकल केयर सुनिश्चित करने के निर्देश मामले पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य सरकार इस बात की गहराई से जांच कराएगी कि कैदी किन परिस्थितियों में संक्रमित हुए और क्या वे जेल में आने से पहले संक्रमित थे या अंदर रहने के दौरान। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि सभी प्रभावित कैदियों को एआरटी (Antiretroviral Therapy) और आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल तत्काल प्रभाव से उपलब्ध कराई जाए।
नशीली दवाओं का उपयोग (IDU) बना मुख्य कारण असम राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी (ASACS) और जेल अधिकारियों के अनुसार, पॉजिटिव पाए गए अधिकांश कैदी एनडीपीएस (NDPS Act) के मामलों में निरुद्ध हैं। जांच में सामने आया है कि इनमें से लगभग 95% कैदी जेल आने से पहले दूषित सुइयों के जरिए नस में ड्रग्स लेने (Injecting Drug Use) के आदी थे। श्रीभूमि और गुवाहाटी सेंट्रल जेल सहित कई कारागारों में चलाए गए विशेष ‘प्रिजन इंटरवेंशन प्रोग्राम’ के तहत इन मामलों की पुष्टि हुई है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

