बरेली क्लब हादसा: अखिलेश का बड़ा हमला
मेयर को तुरंत बर्खास्त कर जेल भेजें’: बरेली क्लब हादसे पर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, गरमाई सियासत
लखनऊ/बरेली: बरेली क्लब में रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मची भगदड़ और अव्यवस्था को लेकर प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बरेली के मेयर डॉ. उमेश गौतम पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें तत्काल पद से बर्खास्त करने और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की मांग की है।
‘विपक्ष की तरह मेयर पर भी चले बुलडोजर’ लखनऊ में पत्रकारों से बात करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जिस तरह विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर जरा-सी बात पर पुलिस तैयार हो जाती है और बुलडोजर चला दिया जाता है, ठीक वही कार्रवाई बरेली मेयर के खिलाफ भी होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना उचित सुरक्षा व्यवस्था और अनुमति के इतना बड़ा आयोजन किया गया, जिससे महिलाओं और बच्चों की जान जोखिम में पड़ गई। अखिलेश यादव ने मेयर को निशाने पर लेते हुए सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
विपक्ष हमलावर, भाजपा की प्रतिक्रिया का इंतजार बरेली क्लब में हुई इस घटना के बाद से ही विपक्षी दल हमलावर नजर आ रहे हैं। कांग्रेस और सपा के प्रतिनिधिमंडलों ने भी पीड़ित परिवारों से संपर्क साधा है। अखिलेश यादव के इस कड़े बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। वहीं, मामले पर मचे सियासी घमासान के बीच अब सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आधिकारिक जवाब का इंतजार किया जा रहा है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

