देश के पूर्व वित्तमंत्री अरुण जेटली के निधन पर बिहार में 2 दिनों का राजकीय शोक

सोनू मिश्रा,पटना(बिहार)

पटना: पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी (BJP) के वरिष्‍ठ नेता अरुण जेटली (Arun Jaitley) का शनिवार को दिल्‍ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में लंबी बीमारी के बाद दोपहर 12 बजकर 07 मिनट पर 67 साल की उम्र में निधन हो गया है। अरुण जेटली को कुछ दिन पहले ही सांस लेने में दिक्‍कत के कारण AIIMS में भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे बिहार में शोक की लहर व्याप्त है। बिहार के राज्यपाल फागु चौहान, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, डिप्टी सीएम सुशील मोदी, राजद नेता शिवानंद तिवारी सहित भाजपा नेताओं ने अरुण जेटली को अपनी श्रद्धांजलि दी है।

सीएम नीतीश ने जतायी गहरी संवेदना

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली के निधन पर अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि अरूण जेटली जी विलक्षण प्रतिभा के धनी थे। उन्होंने भारत सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निवर्हन किया। वे एक उत्कृष्ट न्यायविद भी थे।

सीएम ने कहा कि उन्होंने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्षाें की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया। उन्हाेंने अपने व्यक्तित्व की बदौलत राजनीतिक सीमाओं के परे सभी विचारधारा के राजनीतिक दलों का आदर एवं सम्मान प्राप्त किया। अरूण जेटली जी से मेरा व्यक्तिगत संबंध था, उनके निधन से मैं काफी मर्माहत हूॅ। अरूण जेटली जी का निधन देश के लिये एक अपूरणीय क्षति है, जिसे कभी भरा नहीं जा सकता, उनकी कमी हमेशा खलेगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दिवंगत आत्मा की चिर शान्ति तथा उनके परिजनों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

अरुण जेटली के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने शोक जताते हुए कहा कि जेटली एक सुलझे हुए व्यक्ति थे और प्रधानमंत्री की टीम के प्रमुख सदस्य थे। उनके निधन से राजनीति जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

पिछले कई दिनों से काफी बीमार थे जेटली

अस्पताल की तरफ से पिछले कुछ दिनों से उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही थी। बता दें कि जेटली काफी समय से एक के बाद एक बीमारी से लड़ रहे थे। इसी के चलते उन्‍होंने लोकसभा चुनाव, 2019 में बीजेपी को मिली प्रचंड जीत के बाद पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मंत्रिमंडल में शामिल नहीं करने का आग्रह किया था।

बताते चलें कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन पर बिहार में दो दिनों के राजकीय शोक की घोषणा की गई है। जिसके बाद मुख्य सचिवालय समेत अन्य सरकारी संस्थानों का झंडा झुका दिया गया है और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के निधन की खबर आते ही बिहार सिएम ने गया दौरा रद्द कर दिया है। सीएम आज शाम 5 बजे की फ्लाइट से अरुण जेटली का अंतिम दर्शन करने दिल्ली जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: