यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच गठबंधन होगा या नहीं?

यूपी में विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस और सपा का गठबंधन होगा या नहीं, इस पर BJP नेता बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा है कि ये गठबंधन होगा

लखनऊ: यूपी में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में सीट शेयरिंग को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच पेंच फंसा हुआ है। अभी तक सीट शेयरिंग पर कोई फैसला नहीं हो पाया है और दोनों ही पक्षों की ओर से बयानबाजी की जा रही है। गौरतलब है कि कांग्रेस और सपा गठबंधन में यूपी चुनाव लड़ना चाहते हैं, जिसके लिए सीट शेयरिंग सबसे अहम कड़ी है।

BJP नेता बृजभूषण शरण सिंह का सामने आया बयान

सपा-कांग्रेस के गठबंधन को लेकर BJP के सीनियर नेता बृजभूषण शरण सिंह का बयान सामने आया है। बृजभूषण शरण सिंह ने बिहार के पटना में कहा कि “अंततः यह बन ही जाएगा। यह उनका निजी मामला है।”

उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने क्या कहा?

कांग्रेस-सपा गठबंधन पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “26 सीट की तो कोई बात ही नहीं है बात हमारी 403 सीट पर जो चल रही है उस पर बातचीत फाइनल हो जाएगी तब हम सबको सूचित करेंगे। लेकिन मुझे लगता है कि दोनों पार्टी के नेतृत्व को जिम्मेदार व्यवहार और बयान रखना चाहिए। यही सबके हित में है और देश भी यही चाहता है।”

समाजवादी पार्टी की पांच उम्मीदवारों की पहली सूची पर उन्होंने कहा, “सीटों की घोषणा तो कभी भी की जा सकती है लेकिन अभी उससे बचना चाहिए। अभी बातचीत का दौर जारी है और मैं उम्मीद करता हूं कि सब कुछ सही हो जाएगा।”

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के बयान पर उन्होंने कहा, “उनकी नाराजगी अपनी जगह सही है क्योंकि वो वहां के सांसद हैं। लेकिन पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एक सम्मानजनक निर्णय पर पहुंचेगा।”

कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने क्या कहा?

सपा की पहली लिस्ट और कांग्रेस को गठबंधन में 26 सीटें देने की बात के सवाल पर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा, “इतनी कम सीटें लेकर कांग्रेस कैसे मानेगी? ये गलत बात है। समाजवादी पार्टी को थोड़ा उदार होना चाहिए। कांग्रेस की भी वहां ताकत है, ऐसा नहीं है कि बिल्कुल ताकत नहीं है। कांग्रेस के वोट उनको मिलने वाले हैं। दोनों पार्टियां ठीक ढंग से तालमेल करेंगी तो वहां सत्ता आएगी नहीं तो नहीं आएगी। बीजेपी को हराना है या जीताना है, यह देखकर ही आपस में तालमेल करना चाहिए और सीटों को बंटवारा करना चाहिए।”

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने क्या कहा?

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने सपा की पांच उम्मीदवारों वाली पहली सूची पर कहा, “कांग्रेस-सपा का गठबंधन अपने तरीके से अपने फैसले लेगा, लेकिन जब राजनीतिक तौर पर हम कोई बात सोचते हैं तो एक तरफ टेबल पर गठबंधन सीटों के बंटवारे की बात करता है और दूसरी तरफ शाम को समाजवादी पार्टी अपने प्रत्याशियों की सूची घोषित करती है, तो उत्तर प्रदेश की जनता के समझने के लिए काफी है कि इस गठबंधन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।”

सपा की सूची जारी होने पर इमरान मसूद की प्रतिक्रिया पर उन्होंने कहा, “एक तरह से गठबंधन साथियों की गरिमा के हिसाब से सोचे तो इमरान मसूद का बयान बिल्कुल ठीक है। जब गठबंधन की बात चल रही हो और इमरान मसूद वहां से सांसद हैं तो कम से कम गठबंधन की बात को अंतिम रूप देने से पहले उम्मीदवार घोषित न किया जाता तो मेरे ख्याल से राजनीतिक तौर पर अच्छा होता लेकिन यही समाजवादी पार्टी का अहंकार भी है और किरदार भी है। वैसे कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी यूपी में जो कवायद गठबंधन के माध्यम से करना चाहते हैं, उत्तर प्रदेश की जनता का भरोसा उन पर बिल्कुल नहीं है। 2027 में फिर से NDA और भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में आने का मौका मिलेगा।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.