UPCOS निगम शुरू, आउटसोर्स कर्मियों को राहत
आउटसोर्स कर्मियों के लिए ऐतिहासिक पहल: CM योगी ने की UPCOS निगम, पोर्टल और वेबसाइट की शुरुआत
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लाखों आउटसोर्स कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा, आर्थिक पारदर्शिता और उन्हें शोषण से बचाने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजधानी लखनऊ में नवनिर्मित उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) का औपचारिक शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री ने UPCOS के नए लोगो (Logo), आधिकारिक पोर्टल और वेबसाइट को लॉन्च किया।
SBI के साथ समझौता (MoU) और चेक वितरण कार्यक्रम के दौरान आउटसोर्स कर्मियों को समयबद्ध वेतन, बीमा और वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से UPCOS और देश के सबसे बड़े बैंक ‘भारतीय स्टेट बैंक’ (SBI) के बीच एक एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मंच से आउटसोर्स कर्मचारियों को वित्तीय लाभ के चेक वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। इस व्यवस्था से अब ठेकेदारों (Vendors) की बिचौलिया व्यवस्था खत्म होगी और कर्मचारियों का वेतन सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर होगा।
कर्मियों की सुरक्षा और सम्मान का संकल्प मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि आउटसोर्स कर्मचारी सरकारी व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। UPCOS के गठन से न केवल मानदेय में देरी की समस्या समाप्त होगी, बल्कि पीएफ (PF), ईएसआई (ESI) और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभों में पारदर्शिता आएगी। सरकार के इस कदम को प्रदेश के लाखों आउटसोर्स कर्मियों के अधिकारों, सम्मान और आर्थिक स्वावलंबन के लिए एक क्रांतिकारी फैसला माना जा रहा है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

