PIB : केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी

लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में मोदी जी की सेवा, संघर्ष व समर्पण की यह यात्रा गरीब कल्याण, महिला सशक्तीकरण, युवाओं का उत्थान और हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बनी

मोदी जी ने जनकल्याणकारी नीतियों, उनके क्रियान्वयन, निर्णय की दृढ़ता, पारदर्शिता व परिणाम की गारंटी से शासन की परिभाषा बदली, ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ का आदर्श स्थापित किया

मोदी जी ने गुजरात में सुशासन का ऐसा मॉडल खड़ा किया, जो आगे चलकर पूरे देश का आधार बना

मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल पेमेंट, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां छू रहा

युद्ध व अस्थिरता के मौजूदा दौर में भारत शांति व सौहार्द की एक महत्वपूर्ण वैश्विक आवाज बनकर उभरा

मोदी जी ने देशवासियों में आत्मविश्वास जगाकर ‘विकसित भारत’ का मंत्र दिया और 2047 तक हर क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने का संकल्प दिलाया

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दी।

गृह मंत्री श्री अमित शाह ने X पर सिलसिलेवार पोस्ट में कहा, “अथक परिश्रम, अद्भुत संकल्पशक्ति व राष्ट्र प्रथम को जीवन का लक्ष्य बनाने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ। आज ही के दिन, 7 अक्टूबर 2001 को मोदी जी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। तब से लगातार मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनकी सेवा, संघर्ष व समर्पण की यह यात्रा गरीबों का कल्याण, महिलाओं का सशक्तीकरण, युवाओं का उत्थान और हर वर्ग की समृद्धि का पर्याय बन गई है। #25YearsOfSeva में मोदी जी ने जनकल्याणकारी नीतियों, उनके क्रियान्वयन, निर्णय की दृढ़ता, पारदर्शिता व परिणाम की गारंटी से शासन की परिभाषा ही बदल दी और ‘पॉलिटिक्स ऑफ परफॉर्मेंस’ का आदर्श स्थापित किया।”

श्री अमित शाह ने कहा, “मोदी जी ने मुख्यमंत्री के रूप में भूकंप से उजड़े कच्छ का पुनर्निर्माण कर उसे एक मिसाल बनाया, ज्योतिग्राम योजना से गांव-गांव तक 24 घंटे बिजली पहुंचाई, सौर ऊर्जा और वाइब्रेंट गुजरात के माध्यम से निवेश व उद्योग को नई दिशा दी तथा 8% से अधिक कृषि विकास दर हासिल कर गुजरात में सुशासन का एक ऐसा मॉडल खड़ा किया, जो आगे चलकर पूरे देश का आधार बना। प्रधानमंत्री के रूप में इसी दृष्टि का विस्तार हुआ। अंतरिक्ष से समुद्र तक और वैश्विक मंचों से आंतरिक सुरक्षा तक भारत ने नई उपलब्धियां हासिल कीं। जन-जन के जीवन में भी बड़ा बदलाव आया—25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले और करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, ₹5 लाख तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवर, उज्ज्वला गैस कनेक्शन और घर-घर नल से जल पहुंचा।”

केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा, “आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल पेमेंट, स्टार्टअप, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां छू रहा है। युद्ध व अस्थिरता के इस दौर में भारत शांति व सौहार्द की एक महत्वपूर्ण वैश्विक आवाज बनकर उभरा है। मोदी जी ने करोड़ों देशवासियों में आत्मविश्वास जगाकर ‘विकसित भारत’ का मंत्र दिया और 2047 तक हर क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने का संकल्प दिलाया। उनके नेतृत्व में सेवा कार्यों का भागीदार बनना हम सभी के लिए सौभाग्य व गौरव की बात है।”

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: