सीएम योगी ने मां के अंतिम संस्कार के मौके पर भगवान राम से क्या प्रार्थना की?
हरिद्वार: सीएम योगी की मां सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया जा चुका है। अंत्येष्टि क्रिया के दौरान योगी आदित्यनाथ मौके पर मौजूद रहे। सीएम योगी ने मां की अर्थी को कंधा भी दिया और भावुक भी नजर आए। एक बेटे का मां के प्रति प्यार देखकर अन्य लोग भी भावुक दिखे।
सीएम योगी ने प्रभु राम से की प्रार्थना
सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर मां के अंतिम संस्कार की तस्वीर डालकर भगवान राम से प्रार्थना की। योगी ने पोस्ट किया, “प्रभु श्री राम के श्री चरणों में मां को परम विश्राम प्राप्त हो। यही प्रार्थना है। ॐ शांति।”
सीएम योगी की मां का कब हुआ था निधन?
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह करीब पौने ग्यारह बजे निधन हुआ था। उनका निधन उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर में हुआ था। उनका अंतिम संस्कार आज उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित चंडी घाट पर हुआ। इस दौरान सीएम योगी, उनके भाई और अन्य परिजनों समेत उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, कई बड़े नेता, साधु-संत शामिल हुए।
सीएम योगी के परिवार में कौन-कौन हैं?
सीएम योगी 4 भाई और तीन बहनें हैं। सीएम योगी दूसरे नंबर के बेटे हैं। वह मां के निधन का समाचार पाकर शुक्रवार शाम को ही अपने पैतृक गांव पहुंचे थे।
PM मोदी ने CM योगी से फोन पर की बात
सीएम योगी की मां के निधन के मौके पर पीएम मोदी ने उनसे फोन पर बात की। पीएम ने सीएम योगी की मां के निधन पर दुख व्यक्त किया। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। माँ का जाना जीवन की वह क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएँ योगी जी और समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति शांति शांति”
