बरेली में भूमाफिया ने तोड़ा 20 साल पुराना घर

बरेली: 35 मुकदमों के आरोपी जेल में बंद मर्डरर विष्णु ठाकुर के इशारे पर युवक के 20 साल पुराने मकान में तोड़फोड़ और लाखों की डकैती; पीड़ित ने डीएम से लगाई गुहार

(बरेली): उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के थाना सुभाष नगर क्षेत्र में भू-माफियाओं और शातिर अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि जेल की सलाखों के पीछे से ही जमीनों पर कब्जे और डकैती का खेल खेला जा रहा है। सर्वोदय नगर इलाके में रहने वाले एक पीड़ित युवक ने बरेली जिलाधिकारी (डीएम) कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित का आरोप है कि विभिन्न थानों में हत्या सहित 35 आपराधिक मुकदमों के आरोपी और वर्तमान में जेल में बंद कुख्यात अपराधी विष्णु ठाकुर के इशारे पर उसके गुर्गों ने पीड़ित के 20 साल पुराने मकान पर धावा बोल दिया। दबंगों ने न सिर्फ मकान को तोड़कर खंडहर बना दिया, बल्कि घर में रखा कीमती जेवरात, नकदी, बिजली का मीटर और जरूरी दस्तावेज से भरा बक्सा भी लूट ले गए।

2005 से है मालिकाना हक, बिजली मीटर और टीन शेड भी था मौजूद

थाना सुभाष नगर के सर्वोदय नगर (निकट श्याम आश्रम) के रहने वाले पीड़ित सुधीर मिश्रा ने जिलाधिकारी को सौंपे गए शिकायती पत्र में अपनी संपत्ति और घटना का पूरा ब्यौरा दिया है:

  • 20 साल पुराना कब्जा: पीड़ित सुधीर मिश्रा इस मकान पर वर्ष 2005 से बतौर मालिक काबिज हैं। पूर्व में इस जगह पर उनके बड़े भाई श्रीराम सेवक की डेयरी संचालित थी। दो वर्ष पहले भारी बारिश के चलते डेयरी की दीवार गिर गई थी, जिसके बाद सुधीर मिश्रा ने मुख्य गेट पर लोहे का फाटक लगवाकर निर्माण कराया था।

  • जरूरी सामान और दस्तावेज: मकान के अंदर एक टीन शेड का कमरा था, जिसमें सुधीर मिश्रा के नाम से बकायदा बिजली का मीटर लगा हुआ था। इस कमरे के भीतर उनका घरेलू सामान, इनवर्टर-बैटरा, गेहूं की कुटिया और एक लोहे का मजबूत बक्सा रखा था। इस बक्से में परिवार के कीमती सोने-चांदी के जेवरात और जमीन व नौकरी से जुड़े अति आवश्यक दस्तावेज सुरक्षित रखे थे।

जेल में बंद मर्डरर के शूटर और 10 गुंडों ने बोला धावा

पीड़ित सुधीर मिश्रा ने शिकायती पत्र में नामजद आरोपियों का उल्लेख करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं:

“दिनांक 26 मई 2026 को सुबह लगभग 9 बजे, ग्राम चौबारी (थाना कैंट) निवासी विष्णु ठाकुर पुत्र तेजपाल उर्फ छंगे के इशारे पर यह वारदात हुई। विष्णु ठाकुर पर अलग-अलग थानों में मर्डर समेत 35 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह फिलहाल जेल में बंद है। जेल से ही गैंग चलाने वाले इस अपराधी के कहने पर उसका मुख्य गुंडा दीपक पटेल (पुत्र स्व. राजकुमार, निवासी नेकपुर) अपने साथ 8 से 10 हथियारबंद बदमाशों को लेकर सुधीर मिश्रा के मकान में जबरन घुस गया।”

विरोध करने पर भतीजे और उसकी पत्नी को दी धमकी, सब कुछ लूट ले गए बदमाश

सुधीर मिश्रा ने बताया कि जब गुंडे उनके मकान की दीवारें और फाटक तोड़ रहे थे, तब उनके भतीजे और भतीजबाहू (भतीजे की पत्नी) ने आगे बढ़कर इसका कड़ा विरोध किया। लेकिन अपराधी प्रवृत्ति के इन दबंगों ने उन्हें हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

आरोपी दीपक पटेल और उसके साथी सुधीर मिश्रा के मकान का मेन गेट (फाटक), कमरे का किवाड़, खिड़की का जंगला, बिजली का सरकारी मीटर उखाड़ ले गए। इसके साथ ही कमरे में रखा लोहे का बक्सा (जिसमें जेवरात व जरूरी दस्तावेज थे), इनवर्टर-बैटरा और अनाज की कुटिया समेत सारा सामान गाड़ियों में लादकर डकैती डाल ले गए और पूरे पक्के मकान को मलबे और खंडहर में तब्दील कर दिया।

पीड़ित ने साक्ष्यों के साथ डीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग

पीड़ित सुधीर मिश्रा ने भू-माफियाओं और अपराधियों द्वारा जमींदोज किए गए अपने आशियाने की तस्वीरें (फोटोग्राफ्स) भी प्रार्थना पत्र के साथ संलग्न कर जिलाधिकारी को सौंपी हैं। पीड़ित ने मांग की है कि जेल में बंद अपराधी विष्णु ठाकुर और बाहर घूम रहे उसके मुख्य गुंडे दीपक पटेल व अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तत्काल गैंगस्टर एक्ट, डकैती और भू-माफिया विरोधी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाए। साथ ही, पीड़ित के लूटे गए दस्तावेज और जेवरात वापस दिलाकर उनके मकान के नुकसान की भरपाई कराई जाए।

जिलाधिकारी कार्यालय ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और थाना सुभाष नगर पुलिस को तत्काल मौके पर जाकर जांच करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।


बरेली से अमरजीत की रिपोर्ट

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर

(Allrights Magazine)


बरेली में पिता ने की बेटी की हत्या!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: