करवा चौथ 2026 : पति की लंबी आयु के लिए रखा जाता है व्रत,
Karwa Chauth 2026: करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना के लिए व्रत रखा जाता है। पर क्या वास्तव में भारतीय पुरुष स्वस्थ और लंबी आयु जी पा रहे हैं? भारत में पुरुषों की औसत जीवन प्रत्याशा 70 साल है। दिल की बीमारी, डायबिटीज, फेफड़ों की समस्याएं और मानसिक तनाव बड़ी चुनौतियां हैं।
आज करवा चौथ है। इसमें सुहागन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य, सुरक्षा और अखंड सौभाग्य की कामना के लिए व्रत रखती हैं। शाम को चांद देखकर व्रत खोलने की इस परंपरा में प्यार और साथ निभाने का भाव छिपा होता है।
लेकिन क्या हमने कभी सोचा है कि जिन पतियों की लंबी उम्र के लिए महिलाएं दिनभर उपवास करती हैं, उनकी सेहत का हाल वास्तव में कैसा है? क्या भारतीय पुरुष सच में स्वस्थ हैं और लंबी उम्र जी पा रहे हैं? वे किन बीमारियों से जूझ रहे हैं और क्या काम का दबाव, आर्थिक चिंता व पारिवारिक जिम्मेदारियां उनकी मानसिक सेहत पर असर डाल रही हैं?
आंकड़ों पर नजर डालें तो पता चलता है कि दिल की बीमारियों से लेकर डायबिटीज और कैंसर से लेकर तनाव और आत्महत्या के जोखिमों तक, पुरुषों की सेहत से जुड़े कई सवाल बेहद गंभीर हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, मौजूदा हालात को देखते हुए सिर्फ लंबी उम्र की कामना करना ही काफी नहीं है, पतियों की सेहत का ख्याल रखना, समय पर जांच कराना और मानसिक परेशानियों पर खुलकर बात करना भी जरूरी है।
पति की लंबी उम्र के लिए क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इस करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए व्रत करने के साथ प्यार और साथ निभाने का संकल्प लेना और सेहत का वादा भी जरूरी है।
पति के ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच नियमित रूप से कराती रहें।
खानपान और व्यायाम के लिए प्रोत्साहित करें। खाने में फल-सब्जियां, दालें और साबुत अनाज दें। सप्ताह में कम से कम 150 मिनट व्यायाम करने का लक्ष्य रखें।
पुरुषों को तंबाकू छोड़ने और शराब से बचने के लिए प्रोत्साहित करें। पर्याप्त नींद लें और वजन कंट्रोल रखने से भी सेहत को ठीक रखने में मदद मिल सकती है।
जीवनसाथी से खुलकर बात करें और तनाव बढ़ने पर डॉक्टर की मदद लें। आत्महत्या के विचार आने पर तुरंत पेशेवर सहायता के लिए जाएं।
