‘रामायण’ से ‘धुरंधर’ तक, जब फिल्मों के अंत ने खोले बड़े राज,
फिल्मों के एंड क्रेडिट अब दर्शकों को भविष्य की कहानियों और नए किरदारों के संकेत देने का जरिया बन गए हैं। ‘रामायण’ से लेकर ‘स्त्री 2’, ‘ब्रह्मास्त्र’ और ‘धुरंधर’ तक, जानिए ऐसे पांच बड़े सरप्राइज।
फिल्मों में एंड क्रेडिट अब सिर्फ कलाकारों और मेकर्स के नाम दिखाने तक सीमित नहीं रह गए हैं। कई बार इनके जरिए मेकर्स दर्शकों को ऐसा सरप्राइज देते हैं, जो आने वाली फिल्मों की कहानी और नए किरदारों को लेकर उत्सुकता बढ़ा देता है।
हाल ही में रणबीर कपूर स्टारर ‘रामायण’ के एंड क्रेडिट में सनी देओल की भगवान हनुमान के रूप में झलक दिखाकर मेकर्स ने ऐसा ही किया। इस छोटे से परिचय ने सिनेमाघरों में बैठे दर्शकों के बीच उत्साह बढ़ा दिया।
हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब किसी फिल्म में भविष्य की कहानी का संकेत देने के लिए किसी बड़े किरदार को इस तरह पेश किया गया हो। इससे पहले भी कई फ्रेंचाइजी फिल्मों में ऐसे किरदारों की एंट्री हुई, जिनसे आगे की फिल्मों के लिए बड़ी उम्मीदें बंधीं।
‘रामायण’ में हनुमान बनकर आए सनी देओल
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। जुलाई में दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके इस किरदार को लेकर आधिकारिक परिचय दिया गया था। फिल्म के पहले भाग में दर्शकों को उनकी पूरी झलक देखने को नहीं मिली, लेकिन एंड क्रेडिट में हनुमान के रूप में उनकी मौजूदगी का संकेत जरूर मिला।
सनी देओल का चेहरा अब भी पर्दे पर पूरी तरह सामने नहीं आया है। फिल्म के दूसरे भाग में उनका किरदार बेहद अहम होने वाला है। इसकी कहानी में भगवान राम यानी रणबीर कपूर, माता सीता की खोज में निकलेंगे। ‘रामायण’ का दूसरा भाग दिवाली 2028 पर रिलीज होने की योजना है। ऐसे में हनुमान के किरदार को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है।
‘धुरंधर’ में बड़े साहब का रहस्य हुआ उजागर
रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ ने दर्शकों के सामने कई ऐसे सवाल छोड़े थे, जिनके जवाब दूसरे भाग में मिले। फिल्म के पहले हिस्से में ‘बड़े साहब’ नाम के एक प्रभावशाली और खतरनाक शख्स का जिक्र था, लेकिन उनकी पहचान सामने नहीं आई थी। इस रहस्यमयी किरदार को लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा रही। इसके सीक्वल ‘धुरंधर: द रिवेंज’ में आखिरकार बड़े साहब का चेहरा सामने आया। फिल्म में अभिनेता दानिश इकबाल ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से प्रेरित इस किरदार को निभाया। पहले भाग में जिस किरदार की मौजूदगी का माहौल बनाया गया था, दूसरे भाग में उसकी एंट्री ने कहानी को नया मोड़ दिया।
‘ब्रह्मास्त्र’ में देव की एंट्री, लेकिन सीक्वल का इंतजार
अयान मुखर्जी की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ (2022) ने रणबीर कपूर के किरदार शिवा की कहानी के साथ एक बड़े सिनेमैटिक यूनिवर्स की नींव रखी थी। फिल्म में शिवा के अतीत और उसके पिता देव के बारे में भी अहम खुलासा किया गया। एंड क्रेडिट में देव की झलक ने संकेत दिया कि आने वाले भाग में पिता और बेटे के बीच एक बड़ी दिव्य टक्कर देखने को मिल सकती है। देव का किरदार कौन निभाएगा, इसे लेकर रणवीर सिंह और रणबीर कपूर के डबल रोल जैसी अटकलें लगती रही हैं। हालांकि, अब तक इसकी कास्टिंग, शूटिंग या रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिल्म की घोषणा के कई साल बाद भी दर्शक इसके अगले भाग का इंतजार कर रहे हैं।
‘स्त्री 2’ में अक्षय कुमार बने भविष्य के विलेन
साल 2024 में रिलीज हुई ‘स्त्री 2’ में अक्षय कुमार की एंट्री ने दर्शकों को चौंका दिया था। फिल्म में उन्हें किसी स्पष्ट नाम के बजाय सरकटे के वंशज के रूप में पेश किया गया। कहानी में खुलासा होता है कि उसने चंदेरी पुराण के फटे हुए पन्ने रुद्र तक पहुंचाए थे, ताकि शहर के लोग सरकटे को हराकर उसकी शक्तियां खत्म कर सकें और वह खुद उन शक्तियों को हासिल कर सके। इस खुलासे ने अक्षय कुमार के किरदार को हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स के संभावित बड़े विलेन के रूप में स्थापित कर दिया। हालांकि, वह अगली बार किस फिल्म में नजर आएंगे, इसे लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
‘सिंघम अगेन’ में दीपिका पादुकोण बनीं लेडी सिंघम
रोहित शेट्टी के कॉप यूनिवर्स में अब तक अजय देवगन के सिंघम, रणवीर सिंह के सिम्बा और अक्षय कुमार के सूर्यवंशी जैसे पुरुष पुलिस अधिकारियों की कहानियां दिखाई गई थीं। साल 2024 में रिलीज हुई ‘सिंघम अगेन’ में दीपिका पादुकोण की एंट्री ने इस दुनिया को एक नया चेहरा दिया। उन्होंने डीसीपी शक्ति शेट्टी यानी लेडी सिंघम का किरदार निभाया। फिल्म में उनका विस्तारित कैमियो था और उनकी मौजूदगी ने दर्शकों के बीच उनके अलग स्पिन-ऑफ को लेकर उम्मीदें बढ़ा दीं। हालांकि लेडी सिंघम पर आधारित अलग फिल्म को लेकर अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
