कोटा में कैंसर यूनिट व विकास कार्यों के लिए ₹173+ करोड़ की वित्तीय स्वीकृति
कोटा स्थित कार्यालय में आज चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल के अधिकारियों के साथ बैठक कर कोटा की स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। कोटा मेडिकल कॉलेज में कैंसर यूनिट की स्थापना के लिए 148.86 करोड़ रुपए की वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। इससे हाड़ौती संभाग और आसपास के मरीजों को कैंसर के इलाज के लिए जयपुर या दिल्ली जाने की जरूरत कम होगी। हमारा प्रयास है कि गंभीर बीमारियों का बेहतर और सस्ता इलाज कोटा में ही मिले।
मेडिकल कॉलेज से जुड़े अस्पतालों में 25 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों को भी वित्तीय सहमति मिली है। इनमें नए अस्पताल के सामने गार्डन और अन्य सुविधाओं का विकास, अस्पताल परिसर में निर्माण एवं मरम्मत कार्य और एमबीएस अस्पताल में सेंट्रल लैब का निर्माण शामिल है। अस्पताल में सीटी स्कैन और एमआरआई की आधुनिक मशीन लगाने के भी निर्देश दिए हैं, ताकि मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े। हमारा प्रयास है कि कोटा में सरकारी और निजी, दोनों स्तरों पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित हों, ताकि कोटा-बून्दी के साथ हाड़ौती और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर इलाज मिल सके।
