महेंद्र सिंह धोनी ने IPL से लिया संन्यास,
MS Dhoni Retired From IPL : महेंद्र सिंह धोनी ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से संन्यास का ऐलान कर दिया है। धोनी अब आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। CSK ने मंगलवार को धोनी को टीम के नए मेंटर नियुक्त करने की जानकारी दी। इसके साथ ही यह साफ हो गया कि IPL में बतौर खिलाड़ी धोनी का सफर अब खत्म हो गया। अब वह आईपीएल में एक नई भूमिका में नजर आएंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर धोनी की नई पारी को लेकर कहा कि धोनी इस नई भूमिका के साथ एक नए अध्याय (New Chapter) की शुरुआत करेंगे। इसके अलावा CSK के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी का आभार जताते हुए कहा कि धोनी के बिना CSK नहीं है।
धोनी के बिना CSK नहीं: एन. श्रीनिवासन
एन. श्रीनिवासन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि एमएस धोनी के बिना सीएसके नहीं है। लगभग दो दशकों से, हम एक-दूसरे के साथ आगे बढ़े हैं, जीत, मुश्किलों और बीच की हर चीज में। उन्होंने कहा हमारा रिश्ता इतना मजबूत है, इसकी एक वजह है: हम इरादों पर सवाल नहीं उठाते। इसी भरोसे ने इस सफर को मुमकिन बनाया है।
श्रीनिवासन ने आईपीएल के पहले सीजन में धोनी को टीम में शामिल करने के अपने फैसले को याद करते हुए कहा कि 2008 में, मैंने जोर दिया था कि धोनी को सीएसके का हिस्सा होना चाहिए। श्रीनिवासन ने इसे अपना अब तक का सबसे अच्छा फैसला बताया। उन्होंने कहा कि फ्रैंचाइजी के लिए उनकी सभी कामयाबियों की वजह से नहीं, बल्कि वह जिस तरह के इंसान हैं, उसकी वजह से। धोनी हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। यह हमेशा उनका घर रहेगा।
हमेशा धोनी का घर रहेगा चेन्नई
वहीं फ्रैंचाइजी ने भी एक्स पर एक भावुक पोस्ट करते हुए धोनी के सफर को याद किया। फ्रैंचाइजी ने कहा कि जिंदगी में एक बार मिलने वाला खिलाड़ी। एक नया रोल। एक ऐसा रिश्ता जो हमेशा रहेगा महेंद्र सिंह धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स के टीम मेंटर का चार्ज संभाला। अनगिनत जीतों, मुश्किल समय और ऐसी यादों के जरिए जो हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी।
एमएस शुरू से ही हमारे सफर के दिल में रहे हैं। हमें शान तक ले जाने से लेकर सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को गाइड करने तक, थाला हमेशा हमारी पहचान का हिस्सा रहेंगे। और चेन्नई हमेशा उनका घर रहेगा।
