आप की मोगा रैली में धमाका: ब्लास्ट के साथ फटी काॅफी मशीन, एक घायल;

मोगा के गांव नथूवाला जदीद में आज आम आदमी पार्टी की खुशहाल पंजाब रैली है। पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान स्मार्ट राशन कार्डों के वितरण की भी शुरुआत करेंगे। समारोह में एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है।

मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। रैली के लिए की जा रही तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन फट गई। इस हादसे में मशीन का एक टुकड़ा वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर पर जा लगा। व्यक्ति गंभीर है।

पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान इस महारैली से 2027 के विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज करेंगे।
केजरीवाल रैली के मंच से पंजाब को और खुशहाल बनाने का रोडमैप पेश करेंगे, वहीं मान सरकार के पांच साल के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड भी जनता के सामने रखेंगे। इसके साथ ही भाजपा-अकाली गठबंधन पर निशाना भी साधेंगे।
आप पंजाब के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू के मुताबिक, रैली में केजरीवाल, मुख्यमंत्री मान, पूरी कैबिनेट और पार्टी की वरिष्ठ लीडरशिप शामिल होगी। उन्होंने इसे पंजाब की राजनीति में नया अध्याय बताते हुए कहा कि रैली 2027 के चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।
पार्टी का दावा है कि सरकार ने 2022 में किए गए चुनावी वादों और पांच बड़ी गारंटियों को पूरा किया है। रैली में इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर जनता से समर्थन मांगा जाएगा।
रैली में केंद्र सरकार पर पंजाब के पानी, चंडीगढ़ और फंड के मुद्दे पर भेदभाव के आरोप भी उठाए जा सकते हैं। वहीं, अकाली दल के भाजपा के साथ गठबंधन को भी निशाने पर रखा जाएगा। इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य, मोहल्ला क्लीनिक, महिलाओं के लिए मुफ्त बस सफर और 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर पेश किया जाएगा।
116 एकड़ में तैयार किया रैली स्थल
मोगा-लुधियाना रोड पर मटवानी गांव सुबह 11 बजे रैली शुरू होगी। आप नेता कुलदीप सिंह धालीवाल के अनुसार, इसके लिए 116 एकड़ में पंडाल तैयार किया गया है। दो स्थानों पर पार्किंग के अलावा लंगर, पीने के पानी और शौचालय की व्यवस्था की गई है। रैली को लेकर पंजाब पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की ओर से भी इंतजाम किए गए हैं।
संविधान दिवस पर सुनील जाखड़ ने केजरीवाल-सिसोदिया से पूछे सवाल
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने संविधान दिवस पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने सवाल किया कि संविधान दिवस मनाने वाले केजरीवाल और सिसोदिया बताएं कि भारतीय संविधान में कहां लिखा है कि चुनाव जीतने के लिए साम, दाम, दंड, भेद, आपसी फूट डालने, लड़ाई करवाने और झूठ का सहारा लेने की अनुमति है।
जाखड़ ने केजरीवाल के प्रस्तावित मोगा दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने 2017 में केजरीवाल के पंजाब दौरे के दौरान एक ऐसे व्यक्ति के घर ठहरने के आरोप लगाए जो गंभीर आरोपों का सामना कर रहा था। जाखड़ ने सवाल किया कि क्या केजरीवाल मोगा दौरे के दौरान उस व्यक्ति को भी आम आदमी पार्टी में शामिल करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी पहले ही पंजाब में अपराधियों को पार्टी में शामिल कर चुकी है और ऐसे लोगों के जरिए राज्य में अशांति का माहौल पैदा किया जा रहा है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब के लोग रोजाना इसका खामियाजा भुगत रहे हैं और सड़कों पर हो रही गोलीबारी इस बिगड़ती कानून-व्यवस्था की तस्वीर बयां कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.