अमेरिका में हेलिकॉप्टर क्रैश में डेव फिजी की मौत
अमेरिका: शादी के कुछ ही घंटे बाद हेलिकॉप्टर क्रैश में भारतीय मूल के पायलट डेव फिजी की मौत, बाल-बाल बची पत्नी
अमेरिका के जॉर्जिया राज्य से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ भारतीय मूल के एक 26 वर्षीय युवा पायलट की अपनी शादी के महज कुछ ही घंटों बाद एक दर्दनाक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई। इस भीषण हादसे में उनकी नवविवाहित पत्नी चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गईं, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शादी के वेन्यू के पास ही क्रैश हुआ हेलीकॉप्टर
मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय डेव फिजी के रूप में हुई है। डेव प्रसिद्ध अमेरिकी विमानन कंपनी ‘डेल्टा एयर लाइन्स’ (Delta Air Lines) में पायलट के पद पर कार्यरत थे। उनका परिवार मूल रूप से भारत के केरल राज्य का रहने वाला था।
अटलांटा न्यूज फर्स्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, डेव फिजी अपनी शादी संपन्न होने के तुरंत बाद अपनी दुल्हन जेसनी के साथ हनीमून के लिए रवाना हो रहे थे। दोनों ने शादी के वेन्यू जॉर्जिया के डॉसनविले से उड़ान भरी ही थी कि कुछ ही दूरी पर उनका ‘रॉबिन्सन R66’ (Robinson R66) हेलीकॉप्टर अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर क्रैश हो गया।
हादसे में मुख्य पायलट की भी मौत
इस भयानक विमान हादसे में डेल्टा एयर लाइन्स के पायलट डेव फिजी के साथ-साथ हेलीकॉप्टर उड़ा रहे मुख्य पायलट की भी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि, स्थानीय अधिकारियों ने अभी तक उस मुख्य पायलट के नाम का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं दुल्हन जेसनी
इस दर्दनाक हादसे में डेव फिजी की पत्नी जेसनी की जान तो बच गई है, लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हैं। जेसनी पेशे से एक नर्स हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद उन्हें आपातकालीन चिकित्सा सेवा के जरिए अटलांटा के एक नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ इस वक्त उनका इलाज जारी है।
शादी की खुशियों के चंद घंटों के भीतर ही मातम में बदल जाने की इस दुखद खबर से अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय और केरल में उनके रिश्तेदारों के बीच गहरा शोक व्याप्त है। अमेरिकी विमानन नियामक संस्थाएं इस बात की गहन जांच कर रही हैं कि हेलीकॉप्टर क्रैश होने के पीछे तकनीकी खराबी थी या खराब मौसम।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर
(Allrights Magazine)

मन की बात में पीएम मोदी की सावधानी की अपील!
