बुलंदशहर: 50 हजार का इनामी डकैत अंकुर अरेस्ट
बुलंदशहर: फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर लूट करने वाला 50 हजार का इनामी अंकुर उर्फ प्रवीण गिरफ्तार, एसटीएफ ने कोर्ट तिराहे से दबोचा
बुलंदशहर/नोएडा: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की नोएडा फील्ड इकाई को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ की टीम ने फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर लाखों रुपये की डकैती डालने वाले 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी अंकुर उर्फ प्रवीण को बुलंदशहर के अनूपशहर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया अभियुक्त 8 साल के मासूम बच्चे के अपहरण और हत्या समेत कई संगीन मामलों में जेल जा चुका है।
कोर्ट तिराहे से हुई गिरफ्तारी एसटीएफ नोएडा इकाई को सूचना मिली थी कि बुलंदशहर के अनूपशहर में फर्जी इनकम टैक्स अफसर बनकर हुई डकैती के मामले में वांछित चल रहा इनामी अपराधी क्षेत्र में घूम रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण और पुलिस उपाधीक्षक नवेन्दु कुमार के नेतृत्व में उप-निरीक्षक दीपक कुमार की टीम ने अनूपशहर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 7 सितंबर 2026 की रात करीब 9:40 बजे अलीगढ़ रोड, कोर्ट तिराहे के पास से अभियुक्त अंकुर उर्फ प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
-
नाम: अंकुर उर्फ प्रवीण (उम्र लगभग 31 वर्ष)।
-
निवासी: ग्राम नगला लच्छी, थाना बलराई, जनपद इटावा (उ०प्र०)।
-
इनाम: ₹50,000 (डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र द्वारा घोषित)।
8 साल के बच्चे की हत्या से लेकर फर्जी IT रेड तक: जुर्म की खौफनाक दास्तान
पूछताछ में अभियुक्त अंकुर ने अपने आपराधिक काले कारनामों का खुलासा किया है:
-
2018 में मासूम की हत्या: वर्ष 2018 में अंकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही गांव के 8 वर्षीय बच्चे सोनू उर्फ शिवांश का 25 लाख रुपये की फिरौती के लिए अपहरण किया था। बच्चे द्वारा पहचान लिए जाने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव नहर में फेंक दिया था। इस मामले में वह करीब 4 साल जेल में रहा।
-
कानपुर में तमंचे के बल पर डकैती: जेल से छूटने के बाद वर्ष 2025 में उसने अपने गिरोह के साथ मिलकर कानपुर के बिल्हौर में राजू कटियार के घर में घुसकर असलहों के बल पर लूटपाट की थी।
-
इनकम टैक्स अफसर बनकर अनूपशहर में लूट: 19 दिसंबर 2025 को अंकुर और उसके साथियों ने अनूपशहर (बुलंदशहर) में एक घर में खुद को इनकम टैक्स विभाग के अधिकारी बताकर धावा बोला और लाखों की नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए थे।
आपराधिक इतिहास: अभियुक्त के खिलाफ इटावा, गौतमबुद्धनगर, कानपुर नगर और बुलंदशहर के विभिन्न थानों में हत्या, अपहरण, डकैती, आर्म्स एक्ट और बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं के तहत आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त को थाना अनूपशहर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां से उसे अदालत में पेश कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

- विक्रम सिंह हत्याकांड: अमित शाह से जवाब तलब!
https://wp.me/p9lpiM-OB1मजदूरों के लिए नई मुआवज़ा नीति जल्द
