बरेली बवाल: मुख्य आरोपी गफ्फार जेल

बरेली बवाल: अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाला मुख्य आरोपी गफ्फार खान उत्तराखंड से गिरफ्तार; नेताओं के जरिए बनाया था दबाव

(बरेली): उत्तर प्रदेश की बरेली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बीते साल 26 सितंबर को हुए बहुचर्चित ‘बरेली बवाल’ में इस्तेमाल किए गए अवैध असलहों की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपी गफ्फार खान को आखिरकार पुलिस ने दबोच लिया है। लंबे समय से फरार चल रहा यह शातिर अपराधी उत्तराखंड के किच्छा इलाके में छिपा हुआ था और अपनी राजनीतिक पहुंच के दम पर कानूनी कार्रवाई से बचने की लगातार कोशिश कर रहा था। बुधवार सुबह बहेड़ी थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

नेताओं के जरिए नाम हटवाने का चल रहा था खेल

पुलिस प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, बरेली बवाल में अवैध हथियारों की तस्करी और सप्लाई करने के मामले में कुल छह लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेज चुकी थी, लेकिन उत्तराखंड के ग्राम दरऊ निवासी गफ्फार खान लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।

विवेचना के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि गफ्फार ने कई रसूखदार नेताओं के जरिए पुलिस पर दबाव बनवाकर मुकदमे से अपना नाम हटवाने की पूरी कोशिश की थी। जब उसकी यह राजनीतिक पैंतरेबाजी काम नहीं आई, तो उसने खुद को बेकसूर बताते हुए पुलिस पर झूठा फंसाने का आरोप लगाना शुरू कर दिया। इसके बाद बरेली एसएसपी के कड़े निर्देश पर पुलिस ने उत्तराखंड में अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और उसकी घेराबंदी तेज कर दी।

शेरगढ़ तिराहे से खुला था हथियारों का बड़ा नेटवर्क

इस पूरे असलहा नेटवर्क का भंडाफोड़ इस साल 19 फरवरी की शाम को हुआ था। तब पुलिस ने शेरगढ़ तिराहे पर सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर एक संदिग्ध कार को पकड़ा था। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को पांच पिस्तौल और 38 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे।

मौके से पुलिस ने जोखनपुर निवासी तस्लीम और बरीपुरा शेरगढ़ निवासी सोमू खान उर्फ औशाफ को गिरफ्तार किया था। इन दोनों ने रिमांड पर पूछताछ के दौरान कबूला था कि बरामद हथियार उत्तराखंड के दरऊ निवासी गफ्फार खान और समी खान को डिलीवर किए जाने थे। आरोपियों ने यह बड़ा राज भी उगला था कि बरेली बवाल के दौरान उपद्रवियों द्वारा इस्तेमाल किए गए हथियार भी इसी नेटवर्क के जरिए गफ्फार खान ने ही उपलब्ध कराए थे।

बाजार में दबिश देकर दबोचा, दर्ज हैं 10 मुकदमे

बहेड़ी थाना पुलिस और स्वाट टीम ने बुधवार सुबह उत्तराखंड के किच्छा-रुद्रपुर रोड स्थित प्रधान मार्केट के पास तड़के दबिश देकर गफ्फार खान को चारों तरफ से घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की भनक लगते ही इलाके के राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई।

थाने लाकर की गई कड़ाई से पूछताछ में गफ्फार खान टूट गया और उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सीमावर्ती राज्यों में अवैध हथियारों का काला कारोबार करने की बात स्वीकार कर ली। बहेड़ी के क्षेत्राधिकारी (CO) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी गफ्फार खान का एक लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ उत्तराखंड के किच्छा, पुलभट्टा और उत्तर प्रदेश के शीशगढ़ थानों में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और तस्करी जैसे करीब दस गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गफ्फार के कॉल रिकॉर्ड्स (CDR) के जरिए उसके नेटवर्क और राजनीतिक संरक्षकों की तलाश में जुट गई है।


बरेली से अमरजीत

गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर

(Allrights Magazine)


 

पत्नी ने लिवर दान कर बचाई पति की जान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: