बरेली: अस्पताल से POCSO की बंदी फरार
बरेली जिला अस्पताल से POCSO एक्ट की महिला बंदी फरार: शौचालय जाने के बहाने महिला पुलिसकर्मियों को दिया चकमा
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित जिला अस्पताल से सुरक्षा व्यवस्था को तार-तार कर देने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत जेल में बंद महिला बंदी ममता बुधवार शाम को अस्पताल में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को चकमा देकर चकमा देकर फरार हो गई। दो दिन पहले ही उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे जेल से अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल परिसर से बंदी के इस तरह भाग जाने से पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बेटे के साथ POCSO एक्ट में हुई थी गिरफ्तारी जानकारी के अनुसार, महिला बंदी ममता को दिसंबर महीने में पॉक्सो एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार कर सेंट्रल जेल-2 भेजा गया था। उसका बेटा किसी नाबालिग लड़की को भगा ले गया था, जिसमें ममता को भी आपराधिक साजिश और सहयोग के आरोप में उसके बेटे के साथ गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसका बेटा अदालत से जमानत पर छूट गया था, जबकि ममता जेल में ही बंद थी।
31 अगस्त को कोर्ट पेशी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत गत 31 अगस्त को ममता को सेंट्रल जेल-2 से अदालत में पेशी के लिए लाया गया था। पेशी के दौरान ही उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद जेल प्रशासन के निर्देश पर उसे तत्काल उपचार के लिए बरेली के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी सुरक्षा और अभिरक्षा के लिए पुलिस लाइंस से दो महिला पुलिसकर्मियों को चौबीसों घंटे तैनात किया गया था।
शौचालय जाने के बहाने हुई रफूचक्कर; CCTV खंगाल रही पुलिस बुधवार शाम को महिला बंदी ममता ने तैनात महिला सिपाहियों से शौचालय जाने की बात कही। शौचालय जाने के बहाने उसने मौका पाया और महिला पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर अस्पताल परिसर से फरार हो गई। काफी देर तक वापस न लौटने पर जब पुलिसकर्मियों ने जांच की तो उनके होश उड़ गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि जिला अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार महिला बंदी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, साथ ही ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाली महिला पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

