बरेली में घर के अंदर फंदे पर लटका मिला महिला का शव,

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के वक्त ससुराल वाले खेत में धान काटने गए थे। घर लौटे तो विवाहिता को फंदे पर लटका देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए मौत को हत्या बताया है।

खितौसा गांव में हुई घटना

भोजीपुरा थाना क्षेत्र के खितौसा गांव निवासी 23 वर्षीय विवाहिता गीता की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। डायल 112 के जरिए सूचना मिलने पर भोजीपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय परिजन गीता को फंदे से उतारकर बरामदे में रख चुके थे। बताया गया कि परिवार के लोग धान काटने खेत पर गए थे। वापस लौटे तो गीता फंदे पर लटकी मिली। उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

तीन साल पहले हुई थी शादी, आठ माह की बेटी

गीता की शादी वर्ष 2023 में खितौसा गांव के जसवंत के साथ हुई थी। उसका मायका पास के ही कोडमपुर गांव में है। दंपती की आठ माह की बेटी है। मां की मौत के बाद मासूम के सिर से ममता का साया उठ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बहन ने लगाया प्रताड़ित करने का आरोप

गीता की मौत के बाद उसकी बहन ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए। बहन का कहना है कि गीता फोन पर बातचीत के दौरान अक्सर ससुराल में प्रताड़ित किए जाने की बात बताती थी। उसने गीता की मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से गीता की मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। भोजीपुरा के प्रभारी निरीक्षक बी. सिंह ने बताया कि मायके पक्ष के आरोपों, फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

नवरात्रि की पवित्र षष्ठी पर मां कात्यायनी के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: