अपर मुख्य सचिव, खादी ग्रामोद्योग एवं बरेली के नोडल अधिकारी डा. नवनीत सहगल ने किया जनपद में विशेष स्वच्छता एवं संचारी रोग नियंत्रण कार्यों का अनुश्रवण
बरेली : प्रदेश के अपर मुख्य सतिव, सूचना, खादी एवं ग्रामोद्योग एवं सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम एव निर्यात प्रोत्साहन एवं शासन द्वारा नामित बरेली के नोडल अधिकारी डॉ. नवनीत सहगल ने आज बरेली जनपद में विशेष स्वच्छता सफाई सैनेटाइजेशन, संवेदीकरण एवं संचारी रोग नियंत्रण अभियान का ऑनलाइन अनुश्रवण कर कहा कि स्थानीय स्तर पर नामित नोडल अधिकारियों के कार्य का सत्यापन करने के लिए सम्बंधित क्षेत्र के पर्यवेक्षक अधिकारी बनाए जाएं।
इस क्रम में बरेली के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्र में उक्त अभियान को सफल बनाये जाने के दृष्टिगत इसके पर्यवेक्षण हेतु पर्यवेक्षण/ नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं जो अग्रेत्तर आदेशों तक प्रतिदिन अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहकर निर्धारित कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे तथा प्रगति रिपोर्ट के साथ स्थल के फोटोग्राफ सम्बंधित अधिकारियों को प्रेषित करेंगे।
अपर मुख्य सचिव डॉ. नवनीत सहगल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप इन कार्यों को तत्काल विशेष प्राथमिकता के आधार पर सम्पन्न कराया जाए और साथ ही जागरूकता अभियान भी चलाया जाए ताकि आम जन संचारी रोगों के नियंत्रण के उपाय जान सकें। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग विशेष रूप से नगर निगम नगर पालिका आदि के साथ समन्वय स्थापित कर इसमें सक्रिय भूमिका निभाए। अपर मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में नगर निगम क्षेत्र में 20 नोडल अधिकारी, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्र में 19 नोडल अधिकारी तथा न्याय पंचायत स्तरीय क्षेत्र में 144 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं। इन नोडल अधिकारियों के कार्य के सत्यापन के लिए नगर निगम में 20 पर्यवेक्षण अधिकारी, नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्र में 19 तथा न्याय पंचायत स्तर पर 144 पर्यवेक्षण अधिकारी तैनात किए गए हैं।
अपर मुख्य सचिव के निर्देशों के अनुपालन में बरेली मंडल के अपर आयुक्त अरुण कुमार ने आज नगर के विभिन्न क्षेत्रों में डेंगू, मलेरिया जैसे संक्रामक रोगों की रोकथाम हेतु विशेष सफाई अभियान, फॉगिंग, एंटीलारवा कीटनाशक का अभियान का डॉ. अशोक कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम के साथ उक्त कार्यो का निरीक्षण किया। गाँधी उद्यान मुख्य मार्ग से होते हुए श्यामगंज ओवरब्रिज से होते हुए इंदिरा नगर वार्ड एवं मलिन बस्ती का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनिल कुमार दुबे, महेंद्र प्रताप सिंह राठौर, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मौजूद रहे एवं पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना की देख रेख में पुलिया की सफाई का कार्य कराया गया। कर्मचारियों द्वारा किये जा रहे कार्यो की सराहना भी की गई।निरीक्षण के दौरान देखा गया कि मुख्य मार्ग तथा मलिन बस्ती में सफाई कार्य कराया जा रहा था एवं सफाई कार्य संतोषजनक पाया गया।