‘आर्यभट्ट का जीरो’ का ट्रेलर आउट
कॉमेडी, इमोशन और प्रेरणा का अनोखा संगम है ‘आर्यभट्ट का जीरो’; समाज ने जिसे समझा ‘ज़ीरो’, वही बनेगा ‘हीरो’
विशेष मनोरंजन ब्यूरो: मुंबई (महाराष्ट्र)
रिपोर्ट: अनिल बेदाग (संवाददाता)
फिल्म ‘आर्यभट्ट का जीरो’ का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर यह सशक्त संदेश देता है कि जिंदगी में मिलने वाली असफलताएं किसी अंत का प्रतीक नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का शानदार अवसर होती हैं। 2 मिनट 38 सेकंड का यह ट्रेलर एक साधारण युवक ब्रह्मगुप्त श्रीवास्तव उर्फ ‘बग्गू’ की भावनात्मक और संघर्षपूर्ण यात्रा को बेहद खूबसूरती से सामने लाता है, जिसमें पिता-पुत्र के रिश्ते की गहराई, अधूरे सपनों का दर्द, प्रेम में हार और आत्मसम्मान की लड़ाई को प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया है।
ट्रेलर में कॉमेडी, इमोशन और प्रेरणा का संतुलित मेल इसे हर वर्ग के दर्शकों के लिए बेहद खास बनाता है।
“बग्गू गिरकर फिर उठने वाले युवाओं का चेहरा”: हिमांश कोहली
फिल्म के मुख्य अभिनेता हिमांश कोहली ने अपने किरदार के बारे में बात करते हुए कहा:
“बग्गू सिर्फ एक फिल्मी किरदार नहीं है, बल्कि यह उन लाखों-करोड़ों युवाओं का सच्चा प्रतिनिधित्व करता है जो जिंदगी में बार-बार असफल होते हैं, गिरते हैं, लेकिन कभी हार नहीं मानते और दोबारा खड़े होते हैं।”
वहीं, फिल्म के निर्माता बीरेंद्र भगत का मानना है:
“यह फिल्म हर उस इंसान की कहानी है जिसे कभी न कभी समाज ने कम आंका हो। यह संदेश देती है कि हर ज़ीरो के भीतर एक हीरो बनने की अपरंपार क्षमता छिपी होती है।”
7 अगस्त को सिनेमाघरों में देगी दस्तक
फिल्म के निर्देशक कमल चंद्रा के अनुसार, हर असफलता के पीछे एक नई शुरुआत छिपी होती है और बग्गू का किरदार खुद पर अटूट विश्वास रखने की प्रेरणा देता है।
हिमांश कोहली, सोनाली सहगल, रवि किशन और राजेश शर्मा जैसे मंझे हुए कलाकारों के दमदार अभिनय से सजी यह फिल्म 7 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में दर्शकों को उम्मीद, आत्मविश्वास और संघर्ष की एक नई परिभाषा सिखाने के लिए तैयार है।
विशेष मनोरंजन ब्यूरो: मुंबई
सीनियर एडिटर गोपाल चन्द्र अग्रवाल,

