मुजफ्फरपुर में बनेगी तिरहुत टाउनशिप

बिहार: मुजफ्फरपुर में ‘तिरहुत’ सैटेलाइट टाउनशिप बनेगी, मोतीपुर में चौथा चीनी मिल खुलेगा: मुख्यमंत्री

(मुजफ्फरपुर/पटना): बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत गोसाईंपुर में आयोजित ‘सहयोग शिविर’ में जिले के विकास के लिए बड़ी सौगातों की बौछार कर दी है. मुख्यमंत्री ने रिमोट कंट्रोल के जरिए ₹288.16 करोड़ की लागत वाली कुल 109 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने मुजफ्फरपुर को एक बेहद आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए 22 हजार एकड़ में ‘तिरहुत’ नाम से नई सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का ऐतिहासिक ऐलान किया.

मुख्यमंत्री की 5 बड़ी और महत्वपूर्ण घोषणाएं:

  • तिरहुत सैटेलाइट टाउनशिप: मुजफ्फरपुर में 22 हजार एकड़ भूमि पर भव्य ‘तिरहुत’ सैटेलाइट टाउनशिप का निर्माण किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य कैबिनेट द्वारा बिहार में ऐसी 11 सैटेलाइट टाउनशिप बनाने का फैसला लिया गया है.

  • मोतीपुर में खुलेगी चीनी मिल: बिहार में तीन नई चीनी मिलें खोलने का निर्णय पहले ही लिया जा चुका है. सीएम ने घोषणा की कि राज्य में जब चौथी चीनी मिल खुलेगी, तो वह मोतीपुर में ही स्थापित की जाएगी. सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक बिहार में कुल 25 चीनी मिलें शुरू करने का है.

  • मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का शिलान्यास जल्द: जिलेवासियों के हवाई सफर के सपने को जल्द पंख लगने वाले हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि मुजफ्फरपुर में एयरपोर्ट निर्माण की सभी कागजी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं और बहुत जल्द इसका शिलान्यास किया जाएगा.

  • पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल: दोनों प्रमुख शहरों के बीच की दूरी और समय को कम करने के लिए ‘रैपिड रेल’ चलाने की योजना है. इससे यात्री महज 30 से 40 मिनट में पटना से मुजफ्फरपुर का सफर तय कर सकेंगे.

  • शिक्षकों का मनपसंद ट्रांसफर: शिक्षक स्थानांतरण नीति को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि महिला शिक्षकों का ट्रांसफर उनके गृह पंचायत के ठीक बगल वाली पंचायत में और पुरुष शिक्षकों का उनके गृह प्रखंड के बगल वाले प्रखंड में किया जाएगा.

सहयोग शिविर का रिपोर्ट कार्ड: जीविका दीदियों को ₹101 करोड़ का चेक

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक कार्यशैली को और पारदर्शी बनाने का संकल्प दोहराया. उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर जिले के सहयोग शिविरों में अब तक कुल 10 हजार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 90% मामलों का निष्पादन जिला प्रशासन द्वारा किया जा चुका है.

काम में लापरवाही बरतने वाले अफसरों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि आवेदन पर 10 दिनों में कार्रवाई न होने पर 11वें दिन सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से नोटिस जाएगा और 30 दिनों में काम पूरा न करने वाले अधिकारी 31वें दिन स्वतः निलंबित कर दिए जाएंगे.

लाभार्थियों को बांटे गए प्रमाणपत्र:

  • कार्यक्रम के दौरान सीएम ने 6,733 स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों को ₹101 करोड़ का सांकेतिक चेक सौंपा.

  • इसके साथ ही मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, बासगीत पर्चा, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर योजना, मनरेगा बकरी शेड और नए राशन कार्ड के लाभार्थियों के बीच प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया.

अपराधियों को 48 घंटे में जवाब और मुफ्त बिजली की घोषणा

  • अपराध पर जीरो टॉलरेंस: सूबे की कानून व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, “जो भी अपराधियों ने पुलिस को चैलेंज करने की कोशिश की, उसे 48 घंटे के भीतर करारा जवाब दिया जाएगा।”

  • मॉडल स्कूल: बिहार के सभी 534 प्रखंडों में आधुनिक ‘मॉडल स्कूल’ खोले जाएंगे, ताकि शिक्षा का स्तर ऐसा हो कि बड़े अधिकारी और नेता भी अपने बच्चों को वहां पढ़ाने के लिए पैरवी करें.

  • 20 साल मुफ्त बिजली: राज्य में पूर्व से जारी 125 यूनिट मुफ्त बिजली की व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी. इसके साथ ही ‘PM सूर्य घर योजना’ के तहत घरों की छतों पर सोलर प्लेट लगाकर लोगों को 20 वर्षों तक मुफ्त बिजली दी जाएगी.

  • बिहार का बजट: मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि राज्य को समृद्ध बनाने के लिए इस बार का बजट ₹3.47 लाख करोड़ का तैयार किया गया है. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “बिहार को समृद्ध बनाने के लिए हम अपना कतरा-कतरा खून लगा देंगे।”

इस भव्य आयोजन के मंच पर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, मंत्री रमा निषाद, स्थानीय सांसद वीणा देवी, कई क्षेत्रीय विधायक, बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार सहित शासन-प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.


रिपोर्ट: पीयूष कुमार प्रियदर्शी

(गोपाल चन्द्र अग्रवाल,संपादक)

 एडिटर (Allrights Magazine)

शेखपुरा में मेडिकल कॉलेज का शिलान्यास जल्द!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: