देश में बारिश से गिरा पारा हीटवेव खत्म
मौसम अपडेट: देश में बारिश से गिरा पारा, हीटवेव का असर खत्म; अगले दो दिनों तक कई राज्यों में आंधी-तूफान का अलर्ट
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली:
देशभर में पिछले कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और लू (हीटवेव) की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। देश के कई हिस्सों में हुई प्री-मानसून बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, फिलहाल देश के अधिकांश हिस्सों से हीटवेव की स्थिति लगभग समाप्त हो चुकी है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, बिहार और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है।
यूपी और राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर; जैसलमेर में रेतीला तूफान
-
उत्तर प्रदेश का हाल: यूपी के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। बलिया में 34.4 एमएम और मुरादाबाद में 21.8 एमएम बारिश हुई। राजधानी लखनऊ में 2.4 एमएम बारिश के बाद अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस गिरकर 36.3 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
-
राजस्थान में धूल भरी आंधी: राजस्थान के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन धूल भरी आंधी का सितम देखने को मिला। जैसलमेर में आए भीषण रेतीले तूफान के कारण विजिबिलिटी (दृश्यता) काफी कम हो गई, हालांकि किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है। राज्य के फलौदी में अधिकतम तापमान 42.6°C रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले शनिवार को श्रीगंगानगर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़ और सीकर में 56 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से रेतीला तूफान आया था, जिसका असर 200 वर्ग किलोमीटर के दायरे में रहा।
उत्तराखंड: केदारनाथ यात्रा रुकी, उफनती नदी से 50 श्रद्धालु रेस्क्यू
उत्तराखंड में हो रही भारी बारिश और खराब मौसम के चलते एहतियात के तौर पर केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। वहीं, चंपावत के श्री रीठा साहिब गुरुद्वारे के वार्षिक जोड़ मेले के दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से 50 से अधिक श्रद्धालु बीच में ही फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
अगले दो दिनों (2 और 3 जून) के लिए मौसम का पूर्वानुमान:
2 जून का अलर्ट:
-
उत्तर और मध्य भारत: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड और राजस्थान के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
-
दक्षिण और पश्चिम भारत: महाराष्ट्र और कर्नाटक में बिजली गिरने व तेज हवाओं की आशंका है। इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरलम और कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
-
पूर्वोत्तर भारत: असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आंधी-तूफान के साथ बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।
3 जून का अलर्ट:
-
पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, यूपी और राजस्थान में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
-
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ क्षेत्रों में आंधी के साथ बारिश की संभावना है।
-
केरलम, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
4 जून तक केरलम पहुंचेगा मानसून, लेकिन रहेगा ‘सामान्य से कमजोर’
मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून तक केरलम के तट पर दस्तक दे सकता है। हालांकि, आईएमडी ने इस साल मानसून के सामान्य से थोड़ा कमजोर रहने की आशंका जताई है।
जून से सितंबर के दौरान देश में औसतन सामान्य से कम वर्षा होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बिहार और उत्तर प्रदेश में तो सामान्य बारिश हो सकती है, लेकिन देश के अन्य हिस्सों, विशेषकर मुख्य रूप से खेती (बारिश पर निर्भर) वाले इलाकों में मानसून कमजोर रह सकता है, जो कृषि क्षेत्र के लिए चिंता का विषय बन सकता है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,सीनियर एडिटर
(Allrights Magazine)

गरुड़ पुराण: इन लोगों से तुरंत बना लें दूरी!
