जनता दर्शन में पहुंचे मुख्‍यमंत्री

मुख्यमंत्री गुरुवार की सुबह नियमित दिनचर्या के बाद सात बजे जनता दर्शन में लोगों की फरियाद सुनने के लिए गोरखनाथ मंदिर के हिंदू सेवाश्रम पहुंचे। बारी-बारी से एक-एक फरियादी की समस्या सुनते मुख्यमंत्री सराय गुलरिहा के रहने वाले रामनारायण गुप्ता तक पहुंचे।

कर रहा था पुलिस की शिकायत, 

रामनारायण ने मुख्यमंत्री को बताया कि गुलरिहा पुलिस उसे परेशान कर रही है। तभी पास में बैठीं राम नारायण से पीडि़त दो नाबालिक अनाथ बच्चियों ने बताया कि रामनारायण उन्हें परेशान करता है। उसने उनका मकान धोखे से रजिस्ट्री करा लिया है, जिसकी वजह से रिहाइश का संकट खड़ा हो गया है।

चूंकि मामला डीएम और एसएसपी के संज्ञान मेें था, सो मुख्यमंत्री को रामनारायण पर पाक्सो लगाए जाने की जानकारी दे दी। फिर तो मुख्यमंत्री खफा हो गए और उन्होंने तत्काल उसे हिरासत में लेने का निर्देश दे दिया।

साथ ही डीएम को निर्देश दिया कि वह दोनों अनाथ बच्चियों को बालिका संरक्षण गृह भेजने का इंतजाम करें। मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में गोरखपुर और आसपास से आए करीब 150 लोगों की फरियाद सुनीं और समस्या समाधान का आश्वासन दिया। समस्या के निस्तारण को लेकर सक्रियता बरतने की उन्होंने अफसरों को हिदायत भी दी।