गन्ना रेट पर भड़का BKU टिकैत
बरेली: गन्ना रेट में बढ़ोतरी न होने और अधिकारियों की अनदेखी से नाराज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह की अध्यक्षता में गन्ना विकास कार्यालय परिसर में आयोजित मासिक पंचायत में किसानों ने सरकारी तंत्र और चीनी मिलों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पंचायत में मौजूद किसानों ने कहा कि डीजल, खाद और कीटनाशकों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे खेती की लागत काफी बढ़ गई है। इसके बावजूद गन्ने के समर्थन मूल्य में उचित बढ़ोतरी नहीं की जा रही है। साथ ही, चीनी मिलों द्वारा बकाए भुगतान में की जा रही देरी से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक दफ्तरों में किसानों की सुनवाई पूरी तरह ठप है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों ने रवैया नहीं बदला और मांगों का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो यूनियन बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

