बिहार: लड़की से छेड़खानी का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, IG ने कहा-कड़ी सजा मिलेगी

 

 

13@

जहानाबाद : सात लड़के मिलकर सरेआम एक नाबालिग लड़की की इज्जत नीलाम करने पर तुले हुए हैं और लड़की चीख-चिल्ला रही है। लड़के अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए लड़की के कपड़े फाड़ रहे हैं और लड़की रहम की भीख मांग रही है। सातों लड़के लड़की को पीटते रहे उसे नोंचते रहे और वीडियो बनाते रहे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

मानवता को शर्मसार करने वाला लड़की से छेड़खानी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने इस घटना को काफी गंभीरता से लिया है। पुलिस उन शरारती युवकों की पहचान में जुट गई है जिनके द्वारा इस वीभत्स घटना को अंजाम दिया गया है। इस घटना के बाद गठित एसआइटी ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

केस संख्या 342/18 के तहत चारों युवकों की गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तार लड़कों में एक लड़का नाबालिग है। सभी पर पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें से आरोपी अमर कुमार के मोबाइल से बनाया गया था वीडियो।

आइजी ने कहा-दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी-

वीडियो वायरल मामले में आइजी नैयर हसनैन खान ने संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि इस मामले  की जांच चल रही है। यह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना है, इसके दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। दोषियों को इतनी कड़ी सजा दी जाएगी कि कोई आगे से इस तरह की घटना के बारे में सोचेगा भी नहीं।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने कहा-यह दुखद घटना-

जहानाबाद में लड़की से दुर्व्यवहार पर तेजस्वी यादव ने कहा कि यह बहुत ही दुखद घटना है। बिहार में हर जगह ऐसी घटनाएं हो रही हैं।सुशासन के भाजपा विधानपरिषद में छेड़खानी करते हैं, सरकार मामले की लीपा-पोती करती है। तो ऐसी सरकार से क्या उम्मीद कर सकते हैं।

वायरल वीडियो पर आइजी ने लिया संज्ञान, एसआइटी गठित-

वायरल वीडियो मामले में कार्रवाई करते हुए पटना के जोनल आईजी नैयर हसनैन खान ने एसआइटी गठित कर इस मामले की जांच करने का आदेश दिया। एसआइटी में एएसपी (ऑपरेशन), जहानाबाद के एसपी शामिल हैं।वीडियो में दिखे बाइक को बरामद कर लिया गया है, एसआइटी ने युवकों की गिरफ्तारी के लिए रातभर लगातार छापेमारी की और चार युवकों को गिरफ्तार किया है।

प्राथमिकी दर्ज-

वीडियो देखने के बाद पुलिस को यह आशंका है कि इस घटना को जहानाबाद  जिले के ही चौर के क्षेत्र में अंजाम दिया गया है। स्थानीय पुलिस कार्यालय में रविवार को पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए एसपी मनीष ने कहा कि जैसे ही उन्हें इस प्रकार के वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली उन्होंने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज किए जाने का निर्देश दिया।

एसपी ने बताया कि उनके निर्देश पर ही नगर थाने के पुलिस अवर निरीक्षक श्यामसुंदर सिंह के लिखित बयान के आधार पर मोटरसाइकिल मालिक सहित आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

दर्ज प्राथमिकी में सब इंस्पेक्टर ने यह उल्लेख किया है कि मैं थाने में बैठकर अपने कार्यालय कार्य का निष्पादन कर रहा था। इसी बीच सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को देखा। उस वीडियो में एक नाबालिग लड़की के साथ सात लड़कों द्वारा जबरन एवं बर्बर तरीके से अापराधिक बल प्रयोग करते हुए उसे निर्वस्त्र कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया जा रहा था।

छह लड़के कर रहे थे बदतमीजी, एक वीडियो बना रहा था-

वीडियो फुटेज में इस घटना का वीडियोग्राफी करते हुए एक लड़का भी देखा जा रहा है। साथ ही घटना स्थल पर बीआर-25सी-7316 नंबर की एक मोटरसाइकिल भी पड़ी हुई दिखाई दे रही थी। मोटरसाइकिल घटना में शामिल लोगों की ही होगी। हालांकि उसकी पहचान तो अब तक नहीं हो पाई है और ना ही घटना को अंजाम देने वाले लड़कों के नाम पता का ही सत्यापन हो सका है, गिरफ्तारी के बाद अब जल्द ही इसके आरोपियों का पता चल जाएगा।

प्राथमिकी के अनुसार  घटना स्थल पर पड़े मोटरसाइकिल का निबंधन जहानाबाद जिले से ही कराया गया है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि इस घटना का अंजाम इस जिले के ही किसी क्षेत्र में दिया गया है।एसपी ने बताया कि  हालांकि कुछ लोगों द्वारा इस वीडियो को गलत मकसद से प्रसारित किया जा रहा था। लेकिन यह मामला जैसे ही उनके संज्ञान में आया उन्होंने तुरंत कार्रवाई की .

उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही पुलिस इसका उदभेदन करेगी। इसमें  सत्यता पाए जाते ही  संबंधित लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। एसपी ने बताया कि वे इस मामले का खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने समाज के प्रबुद्ध एवं जिम्मेदार लोगों से  इस प्रकार की गलत चीजों को शेयर नहीं करने की अपील की।

बच्चों की शर्मनाक करतूत से सकते में लोग-

सोशल मीडिया में शनिवार से एक शर्मनाक वीडियो वायरल होने के बाद समाज के प्रबुद्ध जनों में इस समाज की दशा और दिशा पर बहस छिड़ गई है। वायरल वीडियो में जिस तरह से कम उम्र के बच्चे हरकत कर रहे हैं उसे देखकर सभी तबके के लोग सन्न हैं। वीडियो में सभी बच्चे एक बच्ची के साथ न सिर्फ शर्मनाक हरकत कर रहे हैं बल्कि उसके साथ क्रूरतापूर्वक पेश आ रहे हैं।
हद तो तब हो गयी जब इन छोटे बच्चों ने शर्मनाक हरकत का वीडियो भी बना डाला। लड़की उनलोगों से छोडऩे के लिए गिड़गिड़ा रही थी, बावजूद उन बच्चों पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा था।
इधर वीडियो वायरल होने के बाद इस जिले के लोग सकते में हैं। उनलोगों का कहना है कि आखिर समाज किस ओर जा रहा है। यह सोचने की बात है। इतने कम उम्र में बच्चे ऐसी सोच रख रहे हैं। जो यह सभी वर्गों के लिए चिंता का विषय है। प्रबुद्ध जनों का कहना है कि उन बच्चों के माता-पिता की काउंसलिंग कर उन्हें सजा देने की जरूरत है।

राजेश कुमार के साथ सोनू मिश्रा की रिपोर्ट ,पटना (बिहार )

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: