बड़ी खबर : एनसीसी द्वारा पूरे भारत में चलाया जा रहा है पुनीत सागर अभियान

बरेली (अशोक गुप्ता )- नेशनल कैडेट कोर द्वारा चलाए जा रहे पुनीत सागर अभियान के अंतर्गत 21वीं एनसीसी बटालियन के कैडेटों ने रविवार दिनांक 3 अप्रैल 2022 को रामगंगा नदी पुल के नीचे और आसपास सफाई अभियान चलाया।

एनसीसी कैडेट्स ने क्षेत्रवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। 21 वीं बटालियन के कमांडिंग आफिसर कर्नल अमन नेगी एवं एडम ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु दीक्षित के नेतृत्व में रविवार को पुनीत सागर अभियान की शुरुआत की गई। इस स्वच्छता अभियान में विभिन्न कॉलेजों के लगभग 200 एनसीसी कैडेट्स एवं बड़ी संख्या में पूर्व एनसीसी कैडेट्स ने भाग लिया। बरेली से सभी कैडेट्स प्रातः करीब 9 बजे रामगंगा तट पर पहुंचे और उन्होंने एनसीसी अधिकारियों के दिशा निर्देशन में अभियान चलाते हुए नदी किनारे फैले कचरे को एकत्र किया साथ ही आसपास के क्षेत्रवासियों को नदी को स्वच्छ बनाए रखने तथा प्लास्टिक और अन्य गंदगी नदी में नहीं डालने के लिए प्रेरित किया। क्षेत्रवासियों ने एनसीसी के इस अभियान की प्रशंसा की। इससे पहले कर्नल अमन नेगी एवं लेफ्टिनेंट कर्नल सुधांशु दीक्षित ने पुनीत सागर अभियान के बारे में बताते हुए कहा कि इस अभियान का उद्देश्य संपूर्ण भारत के समुद्र के किनारे तथा नदियों के सतत संरक्षण एवं साफ-सफाई तथा प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर उसे पुनरावर्तित (रीसाइकिल) करना है। एकत्र किए गए प्लास्टिक कचरे को कचरा निस्तारण करने वाली संस्थाओं को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि एनसीसी का पुनीत सागर अभियान आने वाले दिनों में भी चलता रहेगा। विभिन्न माध्यमों से अन्य स्थानों पर भी स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर कैडेट्स को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। एनसीसी के इस अभियान में लेफ्टिनेंट मुशाहिद रजा, सूबेदार पुरुषोत्तम लाल, सूबेदार सुनील छेत्री, बीएचएम आशु खत्री, सीएचएम राकेश नायक दत्त एवं हवलदार अरुण कुमार आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: