Bareilly UP : ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जयंती समारोह में विजेताओं का सम्मान
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 157वीं जयंती एवं भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जयंती के अवसर पर जनपद में 17 सितम्बर से संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित जनपद स्तरीय चित्रकला, भाषण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के चयनित छात्र-छात्राओं का पुरस्कार वितरण समारोह कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विभिन्न वर्गों के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। भाषण प्रतियोगिता के माध्यमिक वर्ग में प्रथम स्थान कुशाग्र पाल, द्वितीय गौरी तथा तृतीय रौनक सिंह ने प्राप्त किया।
विजेता विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भाषणों से प्रभावित होकर विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए गए। उच्च शिक्षा, माध्यमिक, बेसिक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं निजी विद्यालयों के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया। उत्कृष्ट रंगोली तैयार करने वाली टीम को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में कहा गया कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति की क्षमता, सामान्य ज्ञान तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी उच्च शिक्षा राजेश गोस्वामी, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अजीत कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता, जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया, डॉ. अनु महाजन सहित संबंधित अधिकारी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
