Bareilly UP : बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर गांव में तेंदुए के दिखने से हड़कंप मच गया
यूपी /बरेली के हाफिजगंज थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर गांव में तेंदुए के दिखने से हड़कंप मच गया है। गांव की एक बंद पड़ी फैक्ट्री में तेंदुआ कई बार दिखाई दे चुका है और अब तक कई जानवरों को अपना शिकार बना चुका है।
शुक्रवार शाम को तेंदुए ने एक गाय पर हमला कर दिया, लेकिन मौके पर मौजूद चौकीदार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और छत पर चढ़कर तेंदुए का वीडियो बना लिया।
वन विभाग ने लगाया पिंजरा, कांबिंग अभियान जारी
करीब डेढ़ महीने पहले भी फैक्ट्री में तेंदुआ देखा गया था। उस समय चौकीदार अजय कुमार ने वन विभाग को सूचना दी थी, लेकिन विभाग ने तब कोई कार्रवाई नहीं की और वीडियो मांगा था। 27 जून की शाम करीब साढ़े सात बजे तेंदुआ फिर फैक्ट्री में दिखाई दिया और इस बार उसने गाय पर हमला कर दिया। अजय कुमार ने छत पर चढ़कर घटना का वीडियो बनाया और उसे वन विभाग को भेजा।
वीडियो मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पुलिस के साथ मिलकर कांबिंग अभियान शुरू किया, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया। इसके बाद मौके पर पिंजरा लगाया गया है, जिससे तेंदुए को पकड़ा जा सके।
गांव में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोग अकेले घरों से बाहर निकलने से डर रहे हैं। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न निकलने की सलाह दी है। टीम का सर्च ऑपरेशन फिलहाल जारी है।
बरैली से रोहिताश कुमार की रिपोर्ट