बरेली: सीता रसोई का शरबत भंडारा
सीता रसोई द्वारा निर्जला एकादशी पर विशाल शरबत भंडारा
बरेली: ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी “निर्जला एकादशी” के पावन पर्व पर सिविल लाइंस स्थित गांधी उद्यान पर सीता रसोई परिवार द्वारा एक विशाल शरबत भंडारे का आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य का शुभारंभ सुबह 9:00 बजे कैंट विधायक माननीय श्री संजीव अग्रवाल के कर-कमलों द्वारा किया गया।
विधायक संजीव अग्रवाल ने की सराहना
भंडारे का उद्घाटन करने के बाद विधायक संजीव अग्रवाल ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि वह सीता रसोई की स्थापना के समय से ही इससे जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि सीता रसोई समाज के हित में बेहद सराहनीय और प्रशंसनीय कार्य कर रही है, जिसकी चर्चा आज बरेली जिले के साथ-साथ आसपास के अन्य जनपदों में भी प्रमुखता से होती है।
100 सेवादारों ने संभाली कमान, बांटे 22 हजार गिलास शरबत
सीता रसोई के सेवादार अमित गुप्ता और सौरभ ढींगरा ने जानकारी दी कि संस्था पिछले 15 दिनों से इस बड़े आयोजन की तैयारी में जुटी थी, जिसमें नगरवासियों ने भी दिल खोलकर अपना सहयोग दिया। इस दौरान लगभग 100 सेवादारों ने सुबह से ही अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया था। रामपुर बाग के सभासद राजेश अग्रवाल ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर करीब दो घंटे तक सेवा कार्य में हाथ बंटाया। शाम 4:00 बजे तक निरंतर चले इस भंडारे में लगभग 22 हजार गिलास ठंडे शरबत का वितरण राहगीरों और आम जनता को किया गया।
जरूरतमंदों की सेवा में सदैव आगे रहती है ‘सीता रसोई’
संस्था के सेवादार विजय बाटला ने बताया कि सीता रसोई केवल पर्वों पर ही नहीं, बल्कि प्रतिदिन भोजन और शरबत वितरण का कार्य करती है। इसके अलावा संस्था सर्दियों के मौसम में निशुल्क चाय वितरण, समय-समय पर शिविर लगाकर जरूरतमंदों को मुफ्त कपड़े, निर्धन छात्र-छात्राओं को पाठ्य पुस्तकें और दिव्यांग व असहाय लोगों को व्हीलचेयर तक उपलब्ध कराने का सेवाभावी कार्य लगातार कर रही है।
कार्यक्रम के अंत में सेवादार प्रभात अग्रवाल ने शरबत भंडारे के सफल आयोजन के लिए सभी सेवादारों और नगरवासियों के बहुमूल्य सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महानगर कॉलोनी निवासी सेवादार सुधीर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में सेवादार और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
(गोपाल चन्द्र अग्रवाल,संपादक)
(एडिटर (Allrights Magazine)

बरेली: युवा कांग्रेस की समीक्षा बैठक!
