बरेली क्राइम न्यूज़ : झारखण्ड से हरियाणा अफीम की सप्लाई, तीन गिरफ्तार ।
झारखंड से बरेली के रास्ते हरियाणा को अफीम सप्लाई, तीन गिरफ्तार
आंवला(बरेली)। अफीम तस्करी में अलीगंज पुलिस ने शनिवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनसे छह सौ ग्राम अफीम बरामद भी की गई है। दो आरोपी झारखंड के हैं और एक स्थानीय है।
दरोगा उदयवीर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर अलीगंज क्षेत्र के गांव महोबा निवासी वीरपाल, झारखंड के जिला चतरा के थाना वर्जिता के गांव धारडीह के देवेंद्र कुमार यादव और सुरजभातु थाने के गांव सिकिदाग निवासी धीरेंद्र कुमार यादव को पकड़ा गया है। तलाशी के दौरान तीनों के पास से दो-दो सौ ग्राम अफीम बरामद हुई। पूछताछ में बताया कि वह ढकिया गांव के श्यामबिहारी को नमूना दिखाकर कम दामों में अफीम दे जाते हैं। वह इसको तैयार करता है और महंगे दाम पर हरियाणा, दिल्ली व पंजाब में अपने तय ग्राहकों को बेच देता है। वीरपाल ने बताया वह तो केवल कैरियर का काम करता है। उसका काम बाहर से आने वाले तस्करों को श्याम बिहारी तक पहुंचाने का होता है। एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने बताया कि चौथे तस्कर और सप्लायर श्याम बिहारी की तलाश की जा रही है।