दिल्ली में 200 नई ई-बसें और लेडीज स्पेशल
दिल्ली में ग्रीन ट्रांसपोर्ट का बड़ा धमाका: 200 नई ई-बसें शामिल, बेड़ा पहुँचा 5,000 के करीब
नई दिल्ली – देश की राजधानी दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को प्रदूषण मुक्त, आधुनिक और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली यूनिवर्सिटी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से 200 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इसके साथ ही दिल्ली में ई-बसों की संख्या लगभग 5,000 पहुँच चुकी है, जो देश में किसी भी शहर में सबसे अधिक है। वहीं, कुल बस बेड़े का आंकड़ा भी बढ़कर लगभग 6,800 हो गया है।
महिलाओं के लिए 56 ‘लेडीज स्पेशल’ ई-बस सेवाएं शुरू
इस अवसर पर कामकाजी महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा व सहूलियत को ध्यान में रखते हुए 56 लेडीज स्पेशल इलेक्ट्रिक बस ट्रिप्स की शुरुआत की गई है:
-
30 लेडीज स्पेशल ट्रिप्स: अधिक मांग वाले 15 प्रमुख रूटों पर operated होंगी, जो कश्मीरी गेट, कनॉट प्लेस, नेहरू प्लेस, एम्स और आईटीओ जैसे व्यावसायिक hubs को जोड़ेंगी।
-
26 यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (U-SPL) ट्रिप्स: दिल्ली यूनिवर्सिटी के 13 प्रमुख रूटों पर चलाई जाएंगी, जिससे हिंदू कॉलेज, रामजस, हंसराज, एलएसआर और गार्गी कॉलेज जैसी छात्राओं को बड़ी राहत मिलेगी।
-
सुरक्षा व्यवस्था: इन बसों में महिला पुलिसकर्मी और होमगार्ड तैनात रहेंगे। साथ ही, बसों में लगे पैनिक बटन को सीधे दिल्ली पुलिस के 112 आपातकालीन रेस्पॉन्स सिस्टम से लिंक किया गया है।
दिल्ली-करनाल इंटरस्टेट ई-बस और राजघाट डिपो चार्जिंग स्टेशन
-
दिल्ली से करनाल ई-बस सेवा: दिल्ली (कश्मीरी गेट) से हरियाणा के करनाल (133 किमी) के बीच 5 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हुआ है, जो दैनिक रूप से दोनों तरफ से 10 ट्रिप्स लगाएंगी।
-
राजघाट डिपो-1 में ईवी चार्जिंग स्टेशन: सार्वजनिक ईवी इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के लिए राजघाट डिपो-1 में ₹5.50 करोड़ की लागत से 240 kW क्षमता वाला हाई-पावर चार्जिंग स्टेशन भी राष्ट्र को समर्पित किया गया।
परिवहन विभाग का लक्ष्य वित्त वर्ष 2028-29 तक राजधानी में कुल बसों की संख्या को 14,000 तक बढ़ाना और पूरे बेड़े को पूरी तरह से इलेक्ट्रिक बनाना है।
गोपाल चन्द्र अग्रवाल,
सीनियर एडिटर (Allrights Magazine)

