मुंबई में छठ पूजा को लेकर क्यों शुरू हुई सियासत?
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में छठ पूजा के आयोजन को लेकर सियासत तेज हो गई है। विपक्षी दलों के द्वारा चौपाटी पर पूजा की मांग, और रेलवे स्टेशन पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर विरोध किया जा रहा है।
मुंबई में छठ पूजा को लेकर सियासत तेज हो गई है। एक तरफ एमएनएस, कांग्रेस और यूबीटी शिवसेना समुद्र और नदी किनारे प्रदूषण रोकने के लिए आर्टिफिशियल तालाबों में छठ पूजा कराने की मांग कर रही हैं।
वहीं, दूसरी तरफ मुंबई के वडाला रेलवे स्टेशन पर भोजपुरी गाने बजाने को लेकर यूबीटी शिवसेना ने रेलवे प्रशासन से शिकायत की है। उनका कहना है कि महाराष्ट्र में इस तरह तेज आवाज में भोजपुरी गाने बजाकर यात्रियों को परेशान नहीं करना चाहिए।
यूबीटी शिवसेना ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसा जारी रहा तो वे आंदोलन करेंगे। इसके साथ ही महाराष्ट्र में समुंदर और नदियों के किनारे छठ पर्व मनाने का विरोध भी हो रहा है।
रेलवे और महायुति ने क्या कहा?
वहीं, रेलवे प्रशासन का कहना है कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर छठ पूजा के मौके पर उत्तर भारतीय यात्रियों की सुविधा के लिए लाउडस्पीकर से घोषणाएं की जा रही हैं। सीएसएमटी और लोकमान्य तिलक टर्मिनस जाने वाले यात्रियों को जानकारी देने के लिए बीच-बीच में गाने भी बजाए जा रहे हैं। दूसरी तरफ बीजेपी और शिंदे शिवसेना का कहना है कि कुछ लोग मराठी और गैर-मराठी का विवाद खड़ा करके राजनीति कर रहे हैं। उनका कहना है कि महाराष्ट्र में सभी जाति, धर्म और प्रांत के लोग मिल-जुलकर रहते हैं।
छठ पूजा और भोजपुरी गानों पर विवाद
मुंबई में छठ पूजा को लेकर हो रही राजनीति पर संजय राउत का भी बयान सामने आया है। उन्होंने ने कहा कि यूपी चुनाव की राजनीति महाराष्ट्र और मुंबई में नहीं लानी चाहिए। यूपी में चुनाव हैं, इसलिए मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर हिंदी और भोजपुरी गाने बजाए जा रहे हैं। ऐसा पहले कभी नहीं होता था। दिवाली, क्रिसमस और ईद जैसे त्योहारों पर इस तरह गाने नहीं बजाए जाते। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर अनाउंसमेंट यात्रियों को ट्रेन की जानकारी देने के लिए होती है। छठ पूजा मनाने पर किसी को आपत्ति नहीं है। आप अपना त्योहार मनाइए, हम भी आपके त्योहार में शामिल होंगे, लेकिन त्योहार के नाम पर इस तरह राजनीति करना गलत है।
क्या विपक्ष असुरी शक्तियां बन गई है?- आनंद दुबे
मुंबई में छठ को लेकर विवाद को लेकर शिंदे शिवसेना के नेता और प्रवक्ता आनंद दुबे ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिंदू त्योहारों का विरोध बालासाहेब ठाकरे के वंशज कर रहे हैं, जबकि बालासाहेब ठाकरे ने छठ पर्व को बड़े धूमधाम से मनाने के लिए आशीर्वाद दिया था। आनंद दुबे ने कहा कि हिंदू त्योहारों और देवी-देवताओं का विरोध तो असुरी शक्तियां भी करती थीं। क्या विपक्ष असुरी शक्तियां बन गई है? क्या यूपी में चुनाव है, इसलिए विरोध किया जा रहा है? क्या अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी को यह विरोध मंजूर है? एमएनएस और यूबीटी शिवसेना का विरोध तो समझ सकते हैं, लेकिन कांग्रेस भी विरोध कर रही है। क्या समाजवादी पार्टी को भी यह मंजूर होगा?
हमें आपस में लड़ना नहीं है- मंत्री आशीष जायसवाल
महाराष्ट्र के वित्त राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने छठ पूजा के संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए कहा कि हमें अब लगता है कि देश को आगे बढ़ाने के लिए विकसित भारत, विकसित महाराष्ट्र को बढ़ाने के लिए काम करना है। हमें आपस में लड़ना नहीं है, दुनिया में भारत को शक्ति बनाना है।
सभी समाज को उत्सव मनाने की परमिशन- मंत्री पंकज भोयर
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री पंकज भोयर ने नागपुर में मीडिया के साथ बातचीत करते हुए छठ पूजा पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, अपने देश में सभी समाज को अपना उत्सव मनाने की परमिशन है। हर कोई समाज अपना उत्सव जोर-जोर से मना सकता है, पर यह उत्सव मनाते वक्त समाज के अन्य घटकों को तकलीफ ना हो, जो बंधन जो साउंड के बारे में दिया हुआ है, उसको सभी को पालन करना चाहिए। आर्टिफिशियल लेक में छठ पूजा करने के संबंध में उन्होंने कहा कि समाज जो करना चाहता है उसको कानून के दायरे में रहकर परमिशन दिया जाएगा।
रेलवे स्टेशन पर छठ पूजा के गीत बजाने पर उन्होंने कहा हर समाज को अपना उत्सव मनाने की अनुमति है, पर यह उत्सव मनाते वक्त कायदे में रहकर उत्सव मनाना चाहिए। कोई भी पॉलीटिकल पार्टी किसी भी समाज के बारे में विरोध में कार्रवाई करने की मांग करती है तो क्या सत्यता है? कानून में क्या दिया गया है? उसे ही अनुमति दी जाएगी। रेलवे स्टेशन पर छठ पूजा के गाने बजाने के संबंध में उन्होंने कहा कि उस गानों में यदि कोई ऑब्जेक्शन है तो जरूर उसमें बंदी लाई जाएगी, उसमें यदि कोई गलत नहीं है तो बज सकता है।
मुंबई में जल-ध्वनि प्रदूषण नहीं होने देंगे- किशोरी पेडणेकर
बीएमसी में नेता विपक्ष और यूबीटी शिवसेना की नेता किशोरी पेडणेकर ने कहा कि कोर्ट ने कहा है कि “गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा नहीं मनाई जाएगी। हमारी मांग है कि दादर में शिवाजी पार्क में तो हम छठ पूजा होने नहीं देंगे। लेकिन जुहू चौपाटी पर भी हमारा विरोध है। और मैं बीएमसी में नेता विपक्ष के नाते कह रही हूं कि बीएमसी कोर्ट के नियमों का पालन करो। हमारा छठ पूजा को विरोध नहीं है। जहां पर उत्तर भारतीय बस्ती है, छठ पूजा मनाई जाती है, उनको आर्टिफिशियल पॉन्ड बनाकर दो। हमने गणपति में कितने आर्टिफिशियल पॉन्ड बनाए और उसमें विसर्जन किया। फिर यहां पर ये जिद क्यों है? हम मुंबई में वायु प्रदूषण, जल प्रदूषण, ध्वनि प्रदूषण नहीं होने देंगे। मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गीत बजाया जा रहा है। कभी हमारे मराठी त्योहारों में बजाया जाता है क्या? क्या यूपी बिहार में हमारा महाराष्ट्र गीत बजाएंगे? नहीं बजाते न तो फिर इनका गीत यहां पर क्यों बजाया जा रहा है? रेलवे के जनरल मैनेजर तो बीजेपी के प्रवक्ता की तरह काम कर रहे हैं। उनके कार्यकर्ता की तरह काम कर रहे हैं। जब स्टेशन से दस दिन पहले ट्रेन का प्रॉब्लम होता तब अनाउंसमेंट नहीं की। दो लोग मर गए। लेकिन ये जानबूझकर यूपी में चुनाव है इसलिए यहां पर राजनीति की जा रही है। शिवसेना इसका विरोध कर रही है और करती रहेगी।” आपको बता दें कि हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट ने मुंबई में गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा के आयोजन की मांग पर तत्काल राहत देने से किया इनकार कर दिया था।
चौपाटियों पर छठ पूजा का विरोध- यशवंत किल्लेदार
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के नेता यशवंत किल्लेदार ने चौपाटियों पर छठ पूजा आयोजित करने का विरोध किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गणपति विसर्जन के लिए बीएमसी ने आर्टिफिशियल पॉन्ड की व्यवस्था की थी, तो छठ पूजा समंदर में ही क्यों आयोजित की जा रही है? जब प्रदूषण के कारण कोर्ट ने गिरगांव चौपाटी पर छठ पूजा को लेकर रोक लगाई है, तो जुहू और अन्य चौपाटियों पर छठ पूजा आयोजित करने का प्रयास क्यों किया जा रहा है? हमारा इसका विरोध रहेगा। रेलवे स्टेशनों पर छठ पूजा के गाने बजाने को लेकर यशवंत किल्लेदार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव हैं। वहां चुनाव में वोट करने जाने वाले उत्तर भारतीयों को खुश करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र का भाईचारा खत्म करने और मराठी-गैर मराठी विवाद पैदा करने का काम किया जा रहा है। दूसरे त्योहारों के दौरान ऐसे गाने क्यों नहीं बजाए जाते? रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के आवागमन और जरूरी कामों से जुड़ी अनाउंसमेंट होनी चाहिए, न कि गाने बजने चाहिए। हमने इसका विरोध किया है और आगे भी करते रहेंगे। बीजेपी और सत्ता पक्ष के नेताओं के हिंदू विरोधी होने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इसमें हिंदू विरोधी होने का सवाल कहां से आया? हिंदुत्व का सवाल कहां आया? यह मराठी और हिंदू का मुद्दा नहीं है। आप लोग सिर्फ चुनाव की राजनीति कर रहे हैं।
