बरेली को एक जीवंत पर्यटक एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने का विजन डॉक्यूमेंट
बरेली : मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने कहा कि बरेली की विशिष्ट पहचान और उसकी सांस्कृतिक घरोहर को सहेजते हुए ही उसके विकास की गति को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्हांने कहा कि बरेली तेजी से विकास के पायदान पर आगे बढ़ रहा है, इसलिए जरूरी है कि उसकी ख्याति के अनुरूप ही विकास कार्य किए जाएं।
मंडलायुक्त कमिश्नरी सभागार में सिटी डेवलपमेंट प्लान के अंतर्गत विजन डाक्युमेंट तैयर करने हेतु आमंत्रित आरएफपी के प्रेजेंटेशन के अवसर पर उपस्थित समिति को सम्बोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिलाधिकारी नितीश कुमार, नगर आयुक्त अभिषेक आंनद, बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता, सेतु निगम के अधीक्षण अभियंता तथा क्रेडाई के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।
मंडलायुक्त ने कहा कि बरेली की पहचान कुमांयू का गेटवे के रूप में ही नहीं, बल्कि बांस तथा लकड़ी के फर्नीचर, जरी दरदोजी, अहिच्छत्र, नाथ नगरी के साथ साथ औद्योगिक एवं चिकित्सा संस्थानों के हब के रूप में रही है। इसलिए बरेली के विकास की योजनाओं को तैयार करते समय उसकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को अवश्य ध्यान में रखा जाए। उन्होंने कहा कि अब चूंकि बरेली देश के प्रमुख स्थानों से हवाई मार्ग से जुड़ गया है, इसलिए दक्षिण भारत से लेकर देश के अन्य हिस्सों से पर्यटकों के आवागमन बढ़ जाएगा तथा उद्योग धंधों और व्यापार में भी बढ़ोत्तरी होगी। ऐसे में बरेली की पर्यटक आधारित अवस्थापना सुविधाओं के विकास में इस क्षेत्र की विरासत को सहेजने का भरसक प्रयास प्रत्येक स्तर पर किया जाए।
जिलाधिकारी नितीश कुमार ने कहा कि बरेली के वे क्षेत्र और स्थान जो बरेली की पहचान बने हुए हैं उनके लिए किसी भी कार्ययोजना में उन्हें विशेष महत्व दिया जाए और उसके आस पास आइकानिक विकास की अवधारणा के अंतर्गत कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि बरेली ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण होने के साथ ही वर्तमान में औद्योगिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका अदा कर रहा है। इसीलिए इसके विकास को पिछले दिनों गति प्रदान करने में तेजी से कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बरेली स्तरीय विकास कार्यों के एक उदाहरण के रूप में उभर रहा है।नगर आयुक्त अभिषेक आनंद ने कहा कि स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
उपाध्यक्ष विकास प्राधिकरण जोगिंदर सिंह ने कहा कि बरेली में आवासीय एवं अन्य परियोजनाओं के कार्य में तेजी आई है और यहां के लोग इन कार्यों की प्रशंसा भी कर रहे हैं। आमंत्रित आरएफपी के अंतर्गत सिंगापुर की एक कंपनी ने वहीं से ऑनलाइन अपना प्रस्तुतीकरण दिया तथा दूसरी कंपनी ने गुरुग्राम से अपना प्रस्तुतीकरण दिया। बरेली को एक जीवंत पर्यटक एवं औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किए जाने का विजन डॉक्यूमेंट में विशेष ध्यान रखा गया है।