बरेली में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने प्रशासन पर लगाया आरोप, बोली- हेल्परों के जरिये जबरन डलवा रहे बीडीसी के वोट
बरेली : ब्लॉक प्रमुख चुनाव में भाजपा और सपा के प्रत्याशियों के बीच जबरदस्त खींचतान चल रही है। अधिकांश सीटों पर बीडीसी सदस्यों के मतदान चल रहे है। इसी बीच नवाबगंज से निर्दलीय मैदान में ताल ठोक रही सुनीता गंगवार की सास और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा गंगवार ने प्रशासन पर धांधली कराने के आरोप लगाए। उनका कहना है कि प्रशासन पक्षपात करते हुए हेल्परों के माध्यम से जबरन वोट डलवाए जा रहे हैं। अधिकारी नेताओ के हाथ की कठपुतली बन गए हैं।
ऊषा गंगवार की पुत्रवधू सुनीता गंगवार निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव मैदान में हैं। नवाबगंज से ब्लॉक प्रमुख के लिए प्रज्ञा गंगवार, सुनीता गंगवार और प्रियंका गंगवार मैदान में हैं। प्रज्ञा भाजपा से, जबकि प्रियंका गंगवार सपा से चुनाव लड़ रही है। सुनीता गंगवार निर्दलीय है। यहां हेल्परों के जरिये वोटिंग डलवाने के बाद दोपहर एक बजे सुनीता गंगवार की तरफ से ऊषा गंगवार एसडीएम, एआरओ और क्षेत्रीय अधिकारी से उलझ गई। उनके आरोप गंभीर थे, इसलिए डीएम नितीश कुमार को भी फोन करके पूरा घटनाक्रम बताया गया। जानकारी मिलने तक यहां मतदान जारी है।
