शासन के निर्देश पर बरेली में चेक हो रही फ्रंट लाइन पुलिस कर्मियों की एंटीबाडी
बरेली : यूपी के बरेली में शासन के निर्देश पर सीरो सर्विलांस के तहत शनिवार को पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए गए। पुलिस लाइन मेें पिछले दो दिन से सीरो सर्विलांस चल रहा है। जिसके चलते अब तक 194 पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए जा चुके है। इसके पहले टीम ने लोगों के सैंपल लेकर उनमें एंटीबाडी चेक की थी। जिसमें परिणाम ठीक मिले थे।
शासन ने जारी हुए दिशा निर्देश
आइडीएसपी इंचार्ज डॉ. मीसम अब्बास ने बताया कि शासन से जारी कार्यक्रम के तहत अब पांच सौ पुलिसकर्मी के सैंपल लिए जाने थे। इनमें 250 को कोवैक्सिन और 250 को कोविशील्ड वैक्सीन की डोज लगी होनी चाहिए। इसमें भी दोनों ग्रुप में 125-125 महिला पुलिसकर्मियों का होना जरूरी है।
आगामी दाे दिन और चलेगी प्रक्रिया
इसके लिए गुरुवार को पुलिस से संपर्क कर स्वास्थ्य विभाग ने बैचवार पुलिसकर्मी चयनित किए। उन्हें शुक्रवार को पुलिस लाइन पहुंचकर सीरो सर्विलांस के लिए ब्लड सैंपलिंग कराने को कहा गया था। इसके बाद शुक्रवार से सीरो सर्विलांस का कार्य शुरू किया। यह प्रक्रिया अभी दो दिन और चलेगी।
महिला पुलिस कर्मी के भी लिए सैंपल
शुक्रवार को पहले चरण में सौ पुलिस कर्मियों के सैंपल लिए गए। जिसमें 50 महिला और 50 पुरुष पुलिस कर्मी शामिल थे। वहीं शनिवार को भी इसी तरह शनिवार को भी सौ पुलिस कर्मियों के सैंपल हुए। इनमें कोवैक्सीन और कोविशील्ड वैक्सीन लगवा चुके कर्मचारियों को शामिल किया गया है।
चेक हो रही फ्रंट लाइन कर्मियों की एंटीबाडी
इसके अलावा इसमें ऐसे कर्मचारियों को भी जोड़ा गया जो पहले पॉजिटिव हो चुके हैं। आइडीएसपी इंचार्ज डॉ. मीसम अब्बास ने बताया कि दो दिन तक यह अभियान और चलेगा, जिसमें पुलिस कर्मियों के ही सैंपल होंगे। बताया कि तीसरी लहर आने से पहले फ्रंट लाइन कर्मियों में एंटीबॉडी की जांच की जा रही है।