पुलिस का शिकंजा, चार आरोपी गिरफ्तार

अवैध शराब के धंधे पर पुलिस का शिकंजा, चार आरोपी गिरफ्तार

_12 टेट्रा पैक और 20 लीटर कच्ची शराब बरामद, चार गिरफ्तार_

बरेली। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिरौली, फरीदपुर और बहेड़ी थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 12 टेट्रा पैक देशी शराब और कुल 20 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। सभी मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत कार्रवाई की गई है।

सिरौली थाना पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को उपनिरीक्षक त्रिवेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम पिपरिया उपराला में मुखबिर से सूचना मिली कि गनेशपुर निवासी एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर पिपरिया तिराहे की ओर से अपने गांव जा रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर सुरेश पुत्र जोधा सिंह, निवासी गनेशपुर को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 12 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। आरोपी शराब रखने या बेचने का लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने शराब को सील कर नमूना मोहर तैयार करने के बाद आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की।

वहीं, फरीदपुर थाना पुलिस ने मंगलवार शाम नहर पटरी के पास कार्रवाई करते हुए तेजपाल पुत्र निरोतम, निवासी ग्राम पृथ्वीपुर, मजरा बिधौली, थाना भुता को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से 10 लीटर कच्ची शराब से भरी प्लास्टिक की जैरीकैन बरामद हुई। शराब को सील कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

बहेड़ी थाना पुलिस ने भी दो अलग-अलग मामलों में दो युवकों को कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को चौकी चुरैली क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान ग्राम सिंघौती के पास सूचना मिली कि मुड़िया से बकेनिया काले खां जाने वाले रास्ते पर एक व्यक्ति कच्ची शराब लेकर खड़ा है। पुलिस ने घेराबंदी कर अर्शिल पुत्र मत्तन खां, निवासी मूरारपुर खानपुर, थाना भोजीपुरा को पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर ईख के खेत से करीब 10 लीटर तरल पदार्थ से भरी प्लास्टिक की केन बरामद की गई। पुलिस ने जांच में शराब जैसी गंध मिलने का दावा किया है।

एक अन्य कार्रवाई में बहेड़ी पुलिस ने चुरैली डाम क्षेत्र में नईम फार्म हाउस के पास सिंघिया नदी की ओर जाने वाले रास्ते से महेश पाल पुत्र श्री राम साहे, निवासी अनुरूदपुर, थाना बहेड़ी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके पास से 10 लीटर क्षमता की प्लास्टिक की केन में कच्ची शराब बरामद हुई। आरोपी शराब रखने का वैध अनुज्ञापत्र नहीं दिखा सका। पुलिस ने बरामद शराब को सील कर नमूना मोहर तैयार की और बरामदगी की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप पर किए जाने की बात कही है।

पुलिस ने चारों मामलों में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

%d bloggers like this: